भाजपा नेताओं के दलबदल पर बोले प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा...।
मध्यप्रदेश में भाजपा प्रचंड बहुमत से चुनाव जीतेगी। कार्यकर्ताओं की मेहनत और भाजपा सरकार के विकास कार्यों के दम पर पार्टी राज्य विधानसभा का चुनाव अवश्य जीतेगी। यह दावा है प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वीडी शर्मा का। पार्टी की आगे की रणनीति को लेकर भाजपा अध्यक्ष शर्मा से जितेंद्र चौरसिया ने बात की। पेश हैं उनसे हुई बातचीत के चुनिंदा अंश ....।
सवाल- चुनाव में आपके मुद्दे क्या हैं, किस आधार पर आप कहते हैं कि प्रचंड जीत होगी, आगे पार्टी की रणनीति क्या रहेगी?
जवाब- भाजपा ने राज्य का विकास किया है। इसी कारण हम विकास की बात करते हैं। लाड़ली बहना योजना कोई चुनाव के कारण नहीं लाई गई। हम महिला सशक्तीकरण पर काम कर रहे हैं। कांग्रेस के पास तो इस पर कहने को कुछ है ही नहीं। हम बूथ स्तर तक सम्मेलन और माइक्रो लेवल पर काम कर रहे हैं। पार्टी के छोटे से छोटे कार्यकर्ता और बड़े नेता तक जुटे हैं।
सवाल- कांग्रेस की पहली सूची आ चुकी है, आपने परिवारवाद के आरोप लगाए हैं, क्या कहेंगे?
जवाब- भाजपा में परिवारवाद नहीं है। किसी परिवार से कोई लगातार काम करके आगे बढ़ा है तो उसे टिकट दिया गया है, लेकिन किसी परिवार का दबदबा नहीं है। दूसरी तरफ आप कांग्रेस की सूची देखिए। दिग्विजय सिंह के रिश्तेदारों को टिकट दिए गए। जिन पर 54 पुलिस केस हैं, उन्हें टिकट दिया गया। कांग्रेस में परिवारवाद तो हावी है ही, आपराधिक चेहरों को भी टिकट दिया गया है। महिला उत्पीडऩ करने वालों को भी टिकट दिए हैं।
सवाल- भाजपा की पहली सूची 17 अगस्त को आई थी, अब दो महीने हो गए पर पूरी सूची नहीं आ सकी, ऐसा क्यों?
जवाब- पार्टी में सामूहिक स्तर पर विचार-विमर्श करके फिर निर्णय होता है। हमने सबसे पहले सूची घोषित की। जो सीटें बची हैं, उन पर भी विचार-विमर्श हो रहा है, जल्द ही आगे की सूची आ जाएगी।
सवाल- भाजपा ने दिग्गज चुनाव में उतारे हैं। क्या अब ज्योतिरादित्य सिंधिया या अन्य कोई बड़ा चेहरा चुनाव में उतारा जाएगा?
जवाब- पहले भी जिन्हें चुनाव में उतारा गया, उनका निर्णय संगठन स्तर पर हुआ था। आगे किसी बड़े चेहरे को लेकर भी संगठन के स्तर पर ही निर्णय होगा।
सवाल- भाजपा की आगे की चुनावी रणनीति क्या होगी, चुनाव में कितनी सीटें जीतेंगे?
जवाब- भाजपा का चुनाव प्रचार चल रहा है। बूथ स्तर तक हम काम कर रहे हैं। भाजपा का बूथ स्तर तक नेटवर्क है, जीत होगी।
सवाल- कमलनाथ और दिग्विजय सिंह कांग्रेस के चेहरे हैं। आप उन पर आक्रामक रहते हैं, भाजपा के कई बड़े नेता इन दोनों पर सीधे हमले से बचते क्यों हैं?
जवाब- कमलनाथ और दिग्विजय सिंह जैसे कांग्रेस के नेताओं ने ठगने और छलने की राजनीति की है। ऐसा कोई मौका नहीं, जब उन्होंने जनता को धोखा नहीं दिया हो। जब भी इनकी सरकार बनी, तो वे प्रदेश की जनता को छलने में लग गए। कांग्रेस के नेता इस तरह के कार्यों के कारण ही जनता का विश्वास खोते जा रहे हैं।
सवाल- इस चुनाव में दलबदल बहुत ज्यादा हो रहा है, इतनी बड़ी संख्या में भाजपा के नेता पहले कभी पार्टी को छोड़कर नहीं गए, ऐसा क्यों?
जवाब- चुनाव के समय नेताओं का आना-जाना होता ही है। भाजपा का संगठन बहुत मजबूत है, नेताओं-कार्यकर्ताओं की अपेक्षा बहुत ज्यादा है। अब सबको तो टिकट मिल नहीं सकता। इस कारण ऐसा होता है, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता के दम पर काम करने वाली पार्टी है। इसका सच्चा कार्यकर्ता कभी पार्टी को छोडकऱ नहीं जाता। जो जाते हैं, वे भी कई बार वापस आ जाते हैं क्योंकि कांग्रेस में अच्छे कार्यकर्ताओं का कोई भविष्य नहीं है।
सवाल- भाजपा बेहद ज्यादा सक्रिय है, क्या ये अतिरेक नहीं?
जवाब- भाजपा 24 घंटे काम करने वाला संगठन है। हम हमेशा ही जनता के बीच रहते हैं। चुनावी रणनीति की दृष्टि से कुछ कदम उठते हैं, लेकिन हम पूरे साल और 24 घंटे चुनाव के लिए तैयार रहते हैं। कांग्रेस में ऐसा है कि चुनाव के समय आओ, झूठे वादे करो, जनता को बहलाओ और चले जाओ। कांग्रेस ने पिछले चुनाव में भी झूठे वादे किए और अब फिर झूठ बोलकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर किया जा रहा है, लेकिन जनता अब सब जानती है। वह कांग्रेस के चेहरे को पहचान गई है।
यह भी पढ़ेंः
Patrika .com/bhopal-news/bjp-state-president-vd-sharma-attack-on-congress-candidate-list-8539898" target="_blank">'कांग्रेस के 54 प्रत्याशी दागदार, परिवार में ही बांट दिए टिकट'