Rajasthan Assembly Election 2023 : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को केंद्र सरकार की तुलना गहलोत सरकार से करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी व भाजपा पर करारा निशाना साधा। तारानगर में आयोजित जन सभा में उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों व गरीबों की सरकार है, जबकि मोदी सरकार उद्योगपतियों की है। केंद्र सरकार ने नोटबंदी, जीएसटी व तीन कानूनों से किसानों व गरीबों को परेशान कर सारा रुपया अडानी तक पहुंचाया। वहीं, कांग्रेस सरकार ने महंगाई राहत कैंप, निशुल्क बिजली, स्वास्थ्य बीमा, सस्ते सिलेंडर व गारंटी योजनाओं से उन्हें राहत प्रदान की। राहुल बोले कि मोदी सरकार ने जितना रुपया पूंजीपतियों को दिया है, अब उतना रुपया वे राजस्थान की जनता की जेब में डालेंगे। जनता से नोटबंदी का फायदा और खाते में 15 लाख रुपए मिलने का सवाल पूछते हुए उन्होंने तंज में भाजपा की गारंटी को अडाणी की गारंटी कहा। कांग्रेस की सात गारंटियों का जिक्र करते हुए प्रदेश में कांग्रेस सरकार रिपीट होने का दावा भी किया।