
बॉलीवुड में मीनाक्षी शेषाद्री को एक ऐसी अभिनेत्री के रुप में शुमार किया जाता है जिन्होंने अपनी रूमानी अदाओं से लगभग दो दशक तक सिने प्रेमियों को अपना दीवाना बनाया। मीनाक्षी का जन्म 16 नवम्बर 1963 को झारखंड के सिंदरी में हुआ।
मीनाक्षी शेषाद्री के पिता भारतीय खाद्य निगम में सिंदरी में कार्यरत थे। मीनाक्षी ने अपनी शिक्षा दिल्ली के मांउट कार्मेल स्कूल से पूरी की। वर्ष 1981 में मीनाक्षी को अखिल भारतीय सौंदर्य प्रतियोगिता ‘मिस इंडिया’ में काम करने का अवसर मिला जिसमें वह प्रथम चुनी गयी। इस बीच उन्हें कई विज्ञापन फिल्मों में मॉडलिंग काम करने का अवसर मिला। उन्होंने अपने सिने कैरियर की शुरूआत वर्ष 1983 में प्रदर्शित फिल्म ‘पेंटर बाबू’ से की लेकिन दुर्भाग्य से यह फिल्म टिकट खिडक़ी पर बुरी तरह से नकार दी गयी।
वर्ष 1983 में ही मीनाक्षी को सुभाष घई की फिल्म हीरो में काम करने का अवसर मिला। इस फिल्म में मीनाक्षी शेषाद्री और जैकी श्राफ की जोड़ी को काफी पसंद किया गया। वर्ष 1985 में मीनाक्षी को राजेश खन्ना के साथ ‘आवारा बाप’ में काम करने का अवसर मिला। इस फिल्म में मीनाक्षी ने दोहरी भूमिका निभाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। वर्ष 1985 में ही मीनाक्षी को सुभाष घई के साथ ‘मेरी जंग’ में काम करने का अवसर मिला। यह फिल्म भी टिकट खिडक़ी पर सुपरहिट साबित हुर्इ। वर्ष 1988 में मीनाक्षी को सुपरस्टार अमिताभ बच्चन के साथ ‘गंगा जमुना सरस्वती’ में काम करने का अवसर मिला लेकिन कमजोर पटकथा निर्देशन के कारण यह फिल्म टिकट खिडक़ी पर कोई करिश्मा नहीं दिखा सकी। इसी वर्ष मीनाक्षी की अमिताभ के साथ ‘शहंशाह’ प्रदर्शित हुयी जो सफल रही।
वर्ष 1990 में उन्होंने विनोद खन्ना के साथ ‘जुर्म' में काम किया। इस फिल्म के लिये मीनाक्षी अपने कैरियर में पहली बार सर्वश्रेष्ठ फिल्म अभिनेत्री के फिल्म फेयर पुरस्कार के लिये नामांकित की गयी। वर्ष 1990 में ही मीनाक्षी की ‘घायल’ और ‘घर हो तो ऐसा’ जैसी सुपरहिट फिल्में प्रदर्शित हुयी।
वर्ष 1993 में राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘दामिनी’ मीनाक्षी के कैरियर की महत्वपूर्ण फिल्मों में शुमार की जाती है। इस फिल्म में अपने दमदार अभिनय के लिए वह दूसरी बार सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के फिल्म फेयर पुरस्कार के लिये नामांकित की गर्इ।
वर्ष 1995 में शादी करने के बाद मीनाक्षी ने फिल्मों में काम करना बंद कर दिया। वर्ष 1996 में मीनाक्षी की अंतिम फिल्म ‘घातक’ प्रदर्शित हुर्इ। मीनाक्षी ने अपने कैरियर में अमिताभ बच्चन, राजेश खन्ना, विनोद खन्ना, जैकी श्राफ, अनिल कपूर और सन्नी देओल समेत कई जाने-माने कलाकारों के साथ काम किया है। मीनाक्षी इन दिनों बॉलीवुड में सक्रिय नहीं है।
Published on:
16 Nov 2016, 12:10 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.