Chahatt Khanna : ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये की फिरौती के मामले में जैकलीन फर्नांडिस और नोरा फतेही का नाम आ चुका है। इसी बीच अब टीवी एक्ट्रेस चाहत खन्ना ने सुकेश को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।
तिहाड़ जेल में बंद महाठग सुकेश चंद्रशेखर को लेकर पिछले काफी समय से कई बड़े खुलासे हो रहे हैं। कुछ दिनों पहले ही एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडीज और नोरा फतेही ने उसको लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे किए थे। लेकिन सुकेश की नजर कई और एक्ट्रेसेस पर भी थी, जिनसे उसने बड़े-बड़े वादे किए थे। इस लिस्ट में निक्की तंबोली, सोफिया सिंह, अरुशा पाटिल और चाहत खन्ना भी शामिल हैं। इस बीच चाहत खन्ना (Chahatt Khanna) ने दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट के सामने अपना बयान दर्ज कराया है। साथ ही मीडिया बातचीत में खुलासा करते हुए आरोप लगाया कि कैसे जेल में सुकेश से मिलने के लिए उन्हें धोखा देने के बाद झूठ और धमकियों के जाल ने घेर लिया गया। उन्हें धमकियां दी गईं। साथ ही अपना नाम बचाने के लिए फिरौती देने को मजबूर किया गया।
चाहत खन्ना ने बताया कि मई 2018 में उन्हें जज के तौर पर दिल्ली के एक स्कूल के कार्यक्रम में शामिल होने का फोन आया था, वह 18 मई, 2018 को दिल्ली पहुंची थी। दिल्ली पहुंचते ही उन्हें एंजेल खान नाम की एक महिला मिली जो उन्हें अपने साथ स्कूल के इवेंट में लेकर जाने लगी। बीच रास्ते में कार रोकर एंजेल ने चाहते से कहा कि उन्हें दूसरी कार से जाना होगा। उनका कहना था कि स्कूल के अंदर दूसरी कार जाएगी। इसके बाद एक्ट्रेस ग्रे इनोवा में चली गईं, जहां उन्हें एहसास हुआ कि वह तिहाड़ जेल के बाहर हैं। पूछने पर एंजेल ने कहा कि हमें जेल के रास्ते स्कूल में जाना है।
एक्ट्रेस के मुताबिक, एंजेल पिंकी ईरानी के लिए काम किया करती है। वह एक्ट्रेसेस को जेल के अंदर सुकेश से मिलवाती है। चाहत ने आगे कहा कि, उन्हें जब एहसास हुआ कि वह तिहाड़ में हैं तो उन्हें कार रोकने के लिए कहा लेकिन एंजेल उन्हें लगातार चुप करवाती रहीं। चाहत का कहना है कि, मुझे पता था कि मैं फंस गई थी और मैं अपने दो बच्चों के बारे में सोचकर घबरा गई, जो मेरे माता-पिता के साथ मुंबई में थे। कार से उतरते ही मुझे एक कमरे में ले जाया गया।
चाहत खन्ना ने अपने बयान में आगे बताया कि मुझे याद है कि वो कमरा लैपटॉप, घड़ियां और महंगी लग्जरी चीजों से भरा हुआ था। इतना ही नहीं वहां दुनिया भर के ब्रांडेड बैग थे। उस कमरे में एक सोफा था, एक पोर्टेबल एसी, एक कुर्सी, फ्रिज..छोटे से कमरे में सब कुछ भरा हुआ था। एक्ट्रेस ने बताया कि उस कमरे में एक आदमी आया जिसने अपना नाम शेखर रेड्डी बताया। उसने एक्ट्रेस से कहा कि वह उनका बड़ा फैन है। जब एक्ट्रेस ने उससे पूछा कि उन्हें यहां क्यों बुलाया गया है, इस पर शेखर रेड्डी नाम बताने वाले शख्स ने घुटने पर बैठकर उन्हें शादी के लिए प्रपोज किया। यह सुनते ही एक्ट्रेस चिल्लाईं और बोलीं कि वे पहले से शादीशुदा हैं और उनके दो बच्चे हैं। लेकिन उसने कहा कि मेरे पति मेरे लिए सही आदमी नहीं हैं और वह मेरे बच्चों के पिता बनेंगे। मैं इतनी डर गई कि मैं रोने लगी थी।