इटावा

सपा महासचिव शिवपाल सिंह: हमारी सभी सीटों पर तैयारी, यूपी में कांग्रेस का कुछ नहीं, आजम खान पर भी बोले

समाजवादी पार्टी के महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि यूपी में कांग्रेस का कुछ भी नहीं है। आजम खान के एनकाउंटर वाले बयान पर बोले खतरा बना हुआ है। इंडिया गठबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं पर भी अपने विचार व्यक्त किये।

2 min read
Nov 02, 2023
कार्यक्रम में मौजूद शिवपाल सिंह यादव और अन्य

उत्तर प्रदेश के इटावा में सपा महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने योगी सरकार के खिलाफ जमकर हमला बोला है । उन्होंने कहा कि आजम खान और उनके परिवार पर झूठे मुकदमे लाद दिए गए हैं। सरकार ने उन्हें बर्बाद कर दिया है। इंडिया गठबंधन पर उन्होंने कहा कि गठबंधन को बचाने की जिम्मेदारी कांग्रेस की है। स्वास्थ्य सेवाओं को उन्होंने वेंटिलेटर पर बताया। इटावा पहुंचे शिवपाल सिंह यादव पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस मौके पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।

कांग्रेस को लेकर शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन बनाए रखने की जिम्मेदारी कांग्रेस की है। बीजेपी को अगर हटाना है तो यह कांग्रेस की भी जिम्मेदारी है। कांग्रेस राष्ट्रीय और बड़ी पार्टी है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हम सभी सीटों पर अपनी तैयारी कर रहे हैं।

यूपी में कांग्रेस का कुछ भी नहीं

कांग्रेस भी सभी सीटों पर अपनी तैयारी कर रही है के सवाल पर उन्होंने कहा कि यूपी में कांग्रेस का कुछ नहीं है। यूपी में केवल समाजवादी पार्टी ही बीजेपी को हरा सकती है और हरायेगी। पांच राज्यों में भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह से हार रही है।

आजम खान को भाजपा सरकार ने बर्बाद कर दिया

शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि आजम खान सबसे सीनियर लीडर है। 10 बार के विधायक और दो बार के सांसद हैं। उन्होंने रामपुर यूनिवर्सिटी दी है और अच्छा काम कर रहे थे। लेकिन सरकार ने उन्हें बर्बाद करने का काम किया है। जिनके ऊपर खतरा बना हुआ है। पूरे परिवार पर झूठे मुकदमे लाद दिए गए हैं।

स्वास्थ्य सेवाएं ठप हो चुकी हैं

स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि यह वेंटिलेटर पर है। स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह ठप हो चुकी है। इस पर हम विधानसभा में भी कई बार बोल चुके हैं। अस्पताल में डॉक्टर नहीं हैं, डॉक्टर हैं तो दवा नहीं है। डेंगू आदि की दवाइयां भी अस्पतालों में नहीं है। कैंसर आदि हो जाए तो पूरा परिवार बर्बाद हो जाता है।

Published on:
02 Nov 2023 09:18 pm
Also Read
View All

अगली खबर