
रूस: क्रीमिया में बंदूकधारी लड़के ने किया कॉलेज पर हमला, 18 लोगों की मौत
मास्को। रूस में क्रीमिया के एक टेक्निकल कॉलेज में बुधवार को एक किशोर छात्र द्वारा की गई फायरिंग और बम विस्फोट की घटना में कम से कम 18 लोग मारे गए हैं और 40 अन्य घायल हो गए हैं। घटना के बाद बाद में किशोर ने खुद को गोली मार ली। जांचकर्ताओं ने कहा कि कॉलेज के चौथे वर्ष के 18 वर्षीय छात्र व्लादिसलेव रोसल्याकोव ने क्रीमिया के केर्च शहर स्थित कॉलेज में अपने साथी छात्रों पर बंदूक से फायरिंग की और बाद में इसने खुद को भी गोली मार ली।
क्या है मामला
जांचकर्ताओं ने कहा कि अठारह वर्षीय व्लादिस्लाव रोस्लाकोव बुधवार दोपहर को केर्च शहर में कॉलेज में एक बंदूक लेकर आया और फिर उसने शूटिंग शुरू कर दिया। गोली बारी की इस घटना में कम से कम 18 छात्रों की मौत हो गई है और 40 अन्य घायल हो गए हैं। उसका शव बाद में कॉलेज परिसर में पाया गया। उसके शरीर पर गोली लगने के घाव थे। रूसी अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के हमले की कोई पूर्व आशंका नहीं थी क्योंकि इस तरफ की घटनाएं अधिकतर अमरीका में हुई हैं। जांच समिति ने एक बयान में कहा, "हमने तुरंत किशोर लड़के की पहचान कर ली, जो घटना के कुछ देर पहले ही कॉलेज आया था।" जांच एजेंसी के बयान के अनुसार वीडियो फुटेज में साफ देखा गया है कि लड़का अपने हाथों में बंदूक लिए हुए था। बता दें कि अधिकारियों ने शुरुआत में कहा था कि कॉलेज के भोजनालय क्षेत्र में 'अज्ञात विस्फोटक सामग्री' में विस्फोट हुआ है। पहले अधिकारियों ने इस हमले को 'आतंकवादी घटना' करार दिया था लेकिन बाद में रूसी जांच समिति ने इसे 'सामूहिक हत्या' बताया।
बता दें कि रूस ने 2014 में यूक्रेन से क्रीमिया प्रायद्वीप को चीन लिया था। हालांकि रूस की इसके लिए खूब अंतरराष्ट्रीय निंदा हुई और पश्चिमी देशों ने प्रतिबंध भी लगाए। रूसी शासन में यह प्रायद्वीप आम तौर पर शांत रहा है।
दहशत में हैं कॉलेज के छात्र
जिस कॉलेज में यह घटना हुई है, वह 850 किशोरों का एक व्यावसायिक स्कूल है। कॉलेज की निदेशक घटना के वक्त वहां मौजूद नहीं थी। उन्होंने बाद में रूसी मीडिया से कहा कि अज्ञात सशस्त्र व्यक्ति इमारत में प्रवेश कर गया था । उन्होंने इस घटना की तुलना 2004 में बेसलन में स्कूल को कब्जे में लेने की घटना से की, जिसमें 330 लोग मारे गए थे। बुधवार के हमलों से पीड़ितों में से कई किशोरथे जो शर्पनेल और बुलेट से बुरी तरह घायल हो गए थे। विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने कॉलेज से बाहर आकर तबाही के दृश्यों का वर्णन किया। घबराए हुए विद्यार्थियों ने इमारत से भागने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि हमला एक विस्फोट के साथ शुरू हुआ था, इसके बाद हर तरफ केवल गोलियों की आवाज सुनाई दे रही थी।
रूसी राष्ट्रपति ने जताया शोक
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपने मिस्र के समकक्ष के साथ दक्षिणी रूसी रिसॉर्ट सोची में एक बैठक के दौरान पीड़ितों के लिए एक पल की मौन की घोषणा की। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि यह एक स्पष्ट रूप से एक अपराध है। हमले के तुरंत बाद रूसी अधिकारियों ने कहा कि वे इस संभावना की जांच कर रहे थे कि क्या यह आतंकी हमला था। उसके बाद बख्तरबंद गाड़ियों में सैनिकों को भेजा गया था। केर्च के अस्पताल के एक कर्मचारी ने कहा कि इमरजेंसी रूम में घायलों का इलाज किया जा रहा है।
Updated on:
18 Oct 2018 11:25 am
Published on:
18 Oct 2018 09:01 am
बड़ी खबरें
View Allयूरोप
विदेश
ट्रेंडिंग
