
फ़तेहपुर: गुरुवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। अस्पताल में गंदगी मिलने पर सीएमएस को जमकर फटकारा। उन्होंने सीएमओ को ब्यवस्था बेहतरी के दिशा निर्देश दिये।
इस दौरान डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक सीधे इमरजेंसी ( ट्रामा सेंटर ) में पहुंचे जहां उन्होंने एक एक मरीज से स्वयं वार्ता की और इलाज के बारे में पूछा। जिसके बाद उन्होंने सीएमएस कार्यालय, जनरल वार्ड, पार्किंग, पर्चा काउंटर, ड्यूटी रजिस्टर, दवा वितरण काउंटर आदि की ब्यवस्थाओं की सत्यता को परखा। अस्पताल परिसर में साफ–सफाई संतोषजनक नहीं पाए जाने पर, सफाई कराने वाली संस्था का एक दिन का पारिश्रमिक भुगतान रोकने के निर्देश संबंधित विभागाधिकारी को दिए। साथ ही अस्पताल परिसर में साफ–सफाई का विशेष ध्यान रखे जाने के निर्देश सीएमएस को दिये। उन्होंने कहा कि मरीजों को बाहर की दवाएं किसी भी हाल में न लिखी जाये। मरीजों की जांचे अस्पताल के अंदर ही कराई जाए। मरीजों एवं उनके तीमारदारों को किसी प्रकार की समस्या न हो, इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए। दलालों बाहरी ब्यक्तियो का प्रवेश बिल्कुल वर्जित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी चिकित्सक/स्वास्थ्य कर्मी निर्धारित समय तक मरीजों को देखे और उनको बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराए। मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी कोई भी समस्या न होने दे इसका समय से निराकरण करे। दवा काउंटर में लम्बी लाइने, गर्मी को देखते हुए आवश्यकतानुसार काउंटर, पंखे, कूलर बढ़ाने के निर्देश भी सीएमएस को दिये।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएम पाठक अस्पताल के विभिन्न वार्डो में भर्ती महिला एवं पुरुष मरीजों एवं उनके तीमारदारों से भी मुखातिब हो उनसे उनकी समस्याओं व अस्पताल प्रशासन द्वारा दी जाने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं के बावत भी विस्तृत जानकारी हासिल की। साथ ही डॉक्टरों व अन्य स्टॉफ कर्मियों की उनके साथ ब्यावहारिकता की भी जानकारी हासिल की। अस्पताल में अचानक पहुंचे डिप्टी सीएम के निरीक्षण काफिले को देखकर जिले के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों अस्पताल के सीएमएस व डॉक्टरों व अन्य कर्मियों में कार्यवाही के भय से हड़कम्प मचा रहा।
इस दौरान डिप्टी सीएम को छोटी मोटी खामियों को छोड़कर कोई बड़ी खामी नजर नहीं आई। जिससे उन्होंने किसी के खिलाफ कोई बड़ी कार्यवाही नहीं की। स्टाफ कर्मियों, डॉक्टरों को केवल आदत में सुधार लाने व आइंदा शिकायत मिलने की दशा में सख्त कार्रवाई किये जाने की हिदायत देखर छोड़ दिया।
डिप्टी सीएम पाठक के निरीक्षण काफिले को अपने गंतब्य की ओर लौटने पर स्वास्थ्य विभाग के जिला स्तरीय अधिकारियों व अस्पताल में तैनात डॉक्टरों व अन्य स्टॉफ कर्मियों ने चैन की सांस ली।
इस अवसर पर विधायक अयाहशाह विकास गुप्ता, जिलाधिकारी सी०इन्दुमती, पुलिस अधीक्षक उदय शंकर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, अपर जिलाधिकारी अविनाश त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक विजयशंकर मिश्रा, जिला विकास अधिकारी प्रमोद सिंह चंद्रौल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सीएमएस सहित संबंधित उपस्थित रहे।
फतेहपुर से विवेक मिश्रा की रिपोर्ट
Updated on:
18 Jul 2024, 7:31 PM IST
Published on:
18 Jul 2024, 7:31 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.