जुलाई में वित्त मंत्री से जब पत्रकारों ने उनसे लाल रंग के कपड़े के थैले को इस्तेमाल करने का कारण पूछा तो उनका कहना था कि भारत के किसी भी हिस्से में जाइए, वहां बही-खाते को लाल रंग के कपड़े में रखने की परंपरा है। दक्षिण भारत में लक्ष्मी पूजा के दौरान इसी तरह से हिसाब-किताब की कॉपी लाल रंग के कपड़े में लपेटकर रखी जाती है। गुजरात और महाराष्ट्र में दिवाली पूजा के अगले दिन और असम में बिहू के वक्त ऐसा ही किया जाता है। ये हमारी परंपरा है। ब्रीफकेस में बजट ले जाना हमारी परंपरा नहीं है। कागज़ों को गिरने से बचाने के लिए उन्हें लाल कपड़े में भी बांधा जा सकता है। इसलिए मैंने सोचा कि बजट को लाल रंग के कपड़े में ले जाया जाए।