
Bhakiu
फिरोजाबाद। भारतीय किसान यूनियन (भानु) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने देश के किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने गोवंश का गोबर खरीदे जाने और किसानों को 24 घंटे बिजली दिए जाने की मांग की। किसान आयोग के गठन के साथ ही उनका कर्जा माफ करने की मांग सरकार से की।
किसानों पर हुआ अन्याय
बुधवार को नगर के एटा रोड पर आयोजित वार्ता में राष्ट्रीय अध्यक्ष ठा. भानु प्रताप सिंह ने कहा कि वर्तमान में किसान गोवंश से परेशान हैं। ऐसे में सरकार गोवंशों का गोबर खरीदने की घोषणा कर दे, ऐसा करने के बाद एक भी गोवंश सड़क पर घूमता नजर नहीं आएगा और न भूख से मरेगा। किसानों को मिल रही 10 घंटे बिजली को 24 घंटे किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि 10 घंटे में किसानों की फसल की सिंचाई नहीं हो पा रही है। किसानों की फसल, आलू और गेहूं की कीमत सरकार तय करती है जबकि उद्योगपतियों द्वारा बनाए जाने वाले सामान की कीमत वह स्वयं तय करते हैं। आजादी के बाद से किसानों पर घोर अन्याय हुआ है।
किसान आयोग के गठन की मांग
उन्होंने प्रधानमंत्री से किसान आयोग का गठन करने की मांग करते हुए फसल की रेट किसान आयोग द्वारा गठित कराए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि 72 साल किसान विरोधी नीति के चलते वह कर्जदार हैं, इसलिए उनके कर्ज माफ होने चाहिए। भारत में 70 प्रतिशत किसान निवास करते हैं, इसलिए इसे कृषि प्रधान देश कहा जाता है। इसके बाद भी किसान आत्महत्या करने को विवश है। साल में किसानों को छह हजार देकर उनके साथ मजाक किया जा रहा है। शौचालय के लिए गड्ढे पक्के बनवाओ, जिससे भूमि दूषित न हो। पहले देश अंग्रेजों का गुलाम था और अब किसान नेताओं का गुलाम है। किसानों की समस्याओं को लेकर यूनियन 11 फरवरी को लखनऊ के सरोजनी नगर में महापंचायत करेगा। मांग पूरी न होने पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस मौके पर योगेन्द्र सिंह सिसौदिया, राजवीर गौतम, चन्द्रवीर, महेन्द्र सिंह, दीपक, विक्रम, आयुष आदि मौजूद रहे।
Published on:
05 Feb 2020 05:05 pm

बड़ी खबरें
View Allफिरोजाबाद
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
