फिरोजाबाद। थाना सिरसागंज क्षेत्र के अरांव में पांच दिन पूर्व हर्ष फायरिंग में हुई 12 वर्षीय बच्चे की मौत के बाद, शव गांव के पास से ही पांच दिन बाद एक खेत में जमीन में दबा मिला। हर्ष फायरिंग के दौरान बच्चे की मौत के बाद आरोपी सिपाही बच्चे के शव को खेत में दबा कर फरार हो गया था, तभी से पुलिस को बच्चे के शव की तलाश थी।
28 अप्रैल की है घटना
जिला फिरोजाबाद के थाना सिरसागंज के चौकी अरांव में 28 तारीख की रात को एक शादी समारोह में डीजे पर डांस करने को लेकर हुई फायरिंग में एक 12 वर्षीय बालक की गोली लगने से मौत हो गई थी। इस प्रकरण में लगातार खोजबीन के बाद बुधवार को पुलिस को सफलता हाथ लगी जब मुखबिर की सूचना पर अरांव चौकी से कुछ ही दूर स्थित ईंट भट्टे के पास रजवाहे के पास खेत में बालक की लाश दबी मिली।
खुदाई में निकला बच्चे का शव
मौके पर मय फोर्स पहुंचे क्षेत्राधिकारी अजय सिंह चौहान इंस्पेक्टर रविंद्र दुबे ने मृत बालक के परिजनों की उपस्थिति में जब संदिग्ध जगह की खुदाई कराई तो कुछ ही देर में मृत बालक की लाश निकल आयी जिसे देख कर बालक के बाबा व पिता अन्य परिजन दहाड़ मार कर रोने लगे। क्षेत्राधिकारी ने बताया अभियुक्तों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दी जा रही है परंतु परिजनों की मानें तो पुलिस आरोपी के बचाव में लगी है। पुलिस ने अगर मजबूत शिकंजा कसा होता तो आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त में होता। आपको बता दें कि आरोपी थाना फर्रुखाबाद में डायल 100 का ड्राइवर है।