12 दिसंबर 2025,

शुक्रवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

फिरोजाबाद: डीएम नेहा शर्मा ने पीड़ितों को पहुंचाई 21 लाख रूपए की सहायता राशि

डीएम नेहा शर्मा ने कहा कि जिन दैवीय आपदा से पीड़ित लोगों को आर्थिक मदद नहीं मिली है वह उनके कार्यालय में संपर्क करें या फिर सीधे उन्हें बता सकते हैं।

2 min read
Google source verification
DM Neha Sharma

फिरोजाबाद। 11 अप्रैल की रात का वो मंजर शायद ही कोई भुला पाएगा। किसी को बेटी के हाथ पीले करने थे तो कोई कर्जदारों का कर्ज चुकाने के ख्वाब दिल में संजोए बैठा था। उनके सभी अरमानों को दैवीय आपदा के रूप में आई तेज आंधी और बारिश अपने साथ उड़ा ले गई। कर्ज में डूबे किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गईं। कुछ नुकसान होने के बाद भी जुबान नहीं खोल सके। कई किसानों की जिंदगी तक चली गई। ऐसे में उनकी मददगार के रूप में हाथ आगे बढ़ाने वाली जिले की डीएम नेहा शर्मा ने 24 घंटे के अंदर कुछ ऐसा कर दिखाया कि पीड़ितों के जख्मों पर मरहम लगाने का काम कर गया। उन्होंने 24 घंटे के अंदर दैवीय आपदा से पीड़ित लोगों में करीब 21 लाख रूपए की सहायता बांट दी।

मृतकों के परिवारीजनों को मिले चार-चार लाख

शासन द्वारा दैवीय आपदा से प्रभावित लोगों के लिए 50 लाख रूपए धनराशि आवंटित की गई थी। 11 अप्रैल को आई तेज आंधी में जिले के चार लोगों की मौत हो गई थी। प्रभावित परिवार के सदस्यों में रघुराज सिंह पुत्र राजवीर सिंह निवासी बलारपुर सिरसागंज, राजकुमारी पत्नी दयानंद निवासी घरकुआ टूंडला , नरायन देवी पत्नी मुन्नालाल निवासी नगला आशा फिरोजाबाद और कस्तूरी देवी पत्नी रघुवीर सिंह निवासी वासदेवपुर फिरोजाबाद को चार-चार लाख रूपए के चेक डीएम नेहा शर्मा ने पहुंचवाए।

इनको भी मिली आर्थिक मदद

डीएम के प्रयासों से भगवान सिंह पुत्र अंतराम निवासी शिकोहाबाद की 20 बकरियां आंधी में मर गई थीं, जिसे आर्थिक मदद के रूप में 60 हजार रूपए दिए गए। टूंडला के विनय कुमार, वाचाराम, धाराजीत, सत्यप्रकाश, तेजप्रकाश, कालीचरन को पशुओं की मौत पर एक लाख 15 हजार रूपए आर्थिक मदद के रूप में दिए गए। शिकोहाबाद के चतुर्भज और नौबत सिंह के दुधारू गाय की मौत पर उन्हें 60 हजार रूपए प्रदान किए गए। फिरोजाबाद के ब्रखभान सिंह, वीरेन्द्र सिंह, कुंवरपाल, विक्रम सिंह, त्रिलोकी शर्मा, एवरन सिंह, महेन्द्र सिंह, रामगोपाल, ब्रजवासी और निरंजन सिंह को एक लाख 99 हजार 100 रूपए आर्थिक मदद के रूप में प्रदान किए गए। जिले भर में मात्र 24 घंटे में प्रशासन द्वारा 20 लाख 83 हजार 100 रुपए की राहत राशि पीड़ितों को प्रदान की गई।

वंचितों को भी मिल सकती है मदद

डीएम नेहा शर्मा ने कहा कि जिन दैवीय आपदा से पीड़ित लोगों को आर्थिक मदद नहीं मिली है वह उनके कार्यालय में तैनात आपदा लिपिक सौरभ गुप्ता से संपर्क कर सकते हैं या फिर सीधे उन्हें बता सकते हैं। प्रभावित लोगों को आर्थिक मदद मुहैया कराई जाएगी।