
फोटो- AI
Electric Shock Death: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद और मैनपुरी में बिजली विभाग से जुड़ी दो अलग-अलग घटनाओं ने हड़कंप मचा दिया। फिरोजाबाद में पोल पर काम कर रहे लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई, जबकि मैनपुरी में बिजलीघर के अंदर एक जूनियर इंजीनियर का शव मिला है। दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी गई है।
फिरोजाबाद के एका थाना क्षेत्र के विरामपुर गांव में उड़ेसर फीडर पर तैनात 27 वर्षीय लाइनमैन सौरभ पोल पर मरम्मत कार्य करने गया था। बताया जा रहा है कि उसने काम शुरू करने से पहले शटडाउन लिया था। इसके बावजूद अचानक लाइन में करंट आ गया। करंट लगने से वह संतुलन खो बैठा और ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा। गंभीर हालत में उसे एटा जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि यह हादसा विभागीय लापरवाही की वजह से हुआ।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण शव को गांव में ले आए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका कहना है कि जब तक बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचेंगे और दोषियों पर कार्रवाई व मुआवजे की घोषणा नहीं होगी, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कोशिश की, लेकिन परिजनों ने रोक दिया। मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही।
इधर, मैनपुरी जिले के कोसमा बिजलीघर में तैनात जूनियर इंजीनियर देवकीनंदन का शव बाउंड्रीवाल के पास जमीन पर पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्राथमिक जानकारी में पुलिस ने बताया कि मृतक को शराब पीने की आदत थी। आशंका जताई जा रही है कि अधिक शराब सेवन के कारण उनकी मौत हुई हो सकती है। हालांकि असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
दोनों मामलों में पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा। रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इन घटनाओं के बाद बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं और कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
Published on:
23 Feb 2026 04:39 pm
बड़ी खबरें
View Allफिरोजाबाद
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
