फिरोजाबाद। कासगंज में तिरंगा यात्रा के दौरान उपद्रवियों की गोली का शिकार हुए चंदन गुप्ता की आत्मा की शांति के लिए जिले में सर्व समाज के लोगों ने कैंडल मार्च निकालकर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मृतक को शहीद का दर्जा दिलवाने की मांग की गई। देर शाम क्षत्रिय महासभा के नगर अध्यक्ष राधेश्याम चौहान एवं सवर्ण समाज संगठन के पदाधिकारियों ने मृतक की आत्मा की शांति के लिए संयुक्त रूप से कैंडल मार्च निकाला। कैंडल मार्च नगर के दीपा का चौराहे से प्रारंभ होकर बल्देव रोड, कोतवाली, रामलीला मैदान, जीजीआईसी, भारत माता चौक पर पहुंचा, जहां सभी ने मृतक चन्दन गुप्ता को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। क्षत्रिय महासभा के नगर अध्यक्ष राधेश्याम चौहान ने कहा कि तिरंगा यात्रा निकालना हम सभी देशवासियों के लिए गर्व की बात है।
50 लाख मुआवजा, सरकारी नौकरी की मांग
इस दौरान सवर्ण संगठन की प्रतिभा उपाध्याय ने कहा कि सरकार को मृतक के परिवारीजनों को 50 लाख रूपए आर्थिक सहायता और परिवार के किसी सदस्य को सरकारी नौकरी देनी चाहिए। साथ ही मृतक को शहीद का दर्जा देकर परिवार को सम्मानित करना चाहिए।