फिरोजाबाद। ईद-उल-फितर के मौके पर सुहागनगरी में हजारों हाथ देश के अमन और चैन के लिए उठे। मुस्लिम समाज के लोगों ने हजारों की संख्या में ईदगाह पहुंचकर नमाज अदा की। नमाज अदा होने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने गले लगकर एक दूसरे को ईद की बधाई दी। डीएम नेहा शर्मा और एसएसपी राहुल यादुवेन्दु ने भी शहरवासियों को ईद की मुबारकवाद दी।
राजनैतिक दल के लोगों ने लगाए कैंप
ईद की नमाज अदा होने से पहले ही विभिन्न राजनैतिक दलों के लोग ईदगाह पर पहुंच गए जहां उन्होंने कैप लगाए। एक ओर राजनैतिक दल के लोगों के कैंप लगे हुए थे। वहीं दूसरी ओर शहर के सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी भी मीठे पानी की प्याऊ लगाकर भाई-चारे का संदेश दे रहे थे। बन्ना स्थित ईदगाह पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए थे।
पल-पल की लेते रहे जानकारी
डीएम और एसएसपी शहर के विभिन्न स्थानों पर कराई जा रही नमाज की पल-पल की जानकारी लेते रहे। इस दौरान एलआईयू को भी सक्रिय कर दिया गया था। प्रत्येक ईदगाह पर एक-एक एलआईयू कर्मचारी लगाया गया था। जिससे किसी भी प्रकार की अनहोनी होने पर तत्काल शासन तक बात पहुंचाई जा सके।
लोकसभा चुनाव का दिखा असर
ईद की नमाज के दौरान लोकसभा का चुनाव भी देखने को मिला। विभिन्न राजनैतिक दलों के साथ मुस्लिम वर्ग के लोगों को लुभाने का प्रयास करते नजर आए। हालांकि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में क्या होगा यह आने वाला समय बताएगा।