
अर्जेंटीना ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराया (Photo - FIFA)
फीफा वर्ल्ड कप (FIFA World Cup) 2026 के दूसरे सेमीफाइनल मैच में अर्जेंटीना (Argentina) ने इंग्लैंड (England) को हराते हुए फाइनल में जगह बना ली है। अर्जेंटीना ने यह मैच 2-1 से जीतते हुए इंग्लैंड के वर्ल्ड कप जीतने के सपने को तोड़ दिया। इंग्लैंड के लिए एंथनी गॉर्डन (Anthony Gordon) ने दूसरे हाफ में मैच के 55वें मिनट में गोल दागते हुए अपनी टीम को बढ़त दिला दी। लेकिन फिर अर्जेंटीना ने शानदार कमबैक किया। एंज़ो फर्नांडीज़ (Enzo Fernández) ने 85वें मिनट में अर्जेंटीना के लिए पहला गोल दागा और टीम की वापसी कराई। फिर लौतारो मार्टिनेज़ (Lautaro Martínez) ने इंजरी टाइम के दूसरे मिनट (90+2') में गोल दागते हुए अर्जेंटीना की जीत सुनिश्चित कर दी।
अर्जेंटीना की जीत में कप्तान और सुपरस्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी (Lionel Messi) का जादू एक बार फिर चला। मेसी के असिस्ट पर ही अर्जेंटीना ने दोनों गोल किए। जीत के बाद मेसी बेहद खुश नज़र आए और अपने साथी खिलाड़ियों के साथ जीत का जश्न मनाने के साथ ही फैंस का भी अभिवादन किया। इस वर्ल्ड कप में अभी तक मेसी ने शानदार खेल दिखाया है। उनके 8 गोल और 4 असिस्ट हैं और उनका गोल्डन बूट जीतना तय है।
इस मैच में अर्जेंटीना ने 14 शॉट्स लगाए, तो वहीँ इंग्लैंड ने 6 शॉट्स लगाए। अर्जेंटीना के 6 शॉट्स टारगेट पर लगे, तो इंग्लैंड के 3 शॉट्स टारगेट पर लगे। अर्जेंटीना के पास कुल समय के 64% समय बॉल रही, तो इंग्लैंड के खिलाड़ियों के पास सिर्फ 36% समय बॉल रही। अर्जेंटीना के खिलाड़ियों ने मैच के दौरान 93% सटीकता के साथ 578 पास किए, तो वहीँ इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने 84% सटीकता के साथ 331 पास किए। अर्जेंटीना के खिलाड़ियों ने 15 फाउल किए, तो वहीँ इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने 11 फाउल किए। अर्जेंटीना को 3 येलो कार्ड मिले, जबकि इंग्लैंड को सिर्फ 1 येलो कार्ड मिला। अर्जेंटीना ने 3 ऑफसाइड किए, वहीँ इंग्लैंड ने सिर्फ 1 ऑफसाइड किया। अर्जेंटीना को 6 कॉर्नर मिले, जबकि इंग्लैंड को सिर्फ 1 कॉर्नर मिला।
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में अर्जेंटीना का मुकाबला स्पेन (Spain) से होगा। यह अर्जेंटीना का सातवां फाइनल होगा और स्पेन का दूसरा फाइनल। अर्जेंटीना इससे पहले 3 बार फीफा वर्ल्ड कप जीत चुका है और स्पेन ने 1 बार यह खिताब नाम किया है। अर्जेंटीना 1978, 1986 और 2022 में चैंपियन बना, जबकि स्पेन 2010 में चैंपियन बना। अर्जेंटीना की नज़र अपने चौथे और बैक-टू-बैक दूसरे खिताब पर है, वहीँ स्पेन की कोशिश दूसरी बार यह खिताब अपने नाम करने की रहेगी। दोनों टीमों के बीच रविवार 19 जुलाई को फाइनल मैच होगा, जो भारतीय समयानुसार 20 जुलाई को देर रात 12:30 बजे से शुरू होगा।
Updated on:
16 Jul 2026 03:20 am
Published on:
16 Jul 2026 02:53 am
