
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में काबो वर्डे का शानदार सफर जारी है। (photo - FIFA)
FIFA World Cup 2026: फीफा विश्व कप 2026 में केप वर्डे ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। पहली बार विश्व कप खेल रही इस टीम ने राउंड ऑफ 32 में जगह बनाकर सबको चौंका दिया है। राउंड ऑफ 32 में उनका मुकाबला गत चैंपियन अर्जेंटीना से होगा। लेकिन मैच से पहले टीम मुश्किल में फंस गई है।
टीम के कप्तान रयान मेंडेस पर रेप के गंभीर आरोप लगे हैं। ब्राजील की मीडिया संस्था ग्लोबो की रिपोर्ट के अनुसार, न्यूजीलैंड पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल उनके खिलाफ कोई औपचारिक आपराधिक आरोप तय नहीं किया गया है और तहकीकात जारी है।
महिला ब्राजील की नागरिक हैं और न्यूजीलैंड में रहती हैं। न्यूजीलैंड फुटबॉल महासंघ ने उन्हें फीफा सीरीज के दौरान केप वर्डे डेलिगेशन के लिए इंटरप्रेटर और ऑपरेशनल लायजन के रूप में काम पर रखा था। शिकायत के अनुसार, चिली के खिलाफ फ्रेंडली मैच के बाद महिला टीम होटल में एक मीटिंग में शामिल हुई, जिसे वह काम से संबंधित मीटिंग समझ रही थी। जब उसे पता चला कि यह एक सोशल गैदरिंग है, तो वह अपने कमरे में लौट आई। उसके बाद रयान मेंडेस बिना अनुमति उसके कमरे में घुसे, मारपीट की और उसके साथ बलात्कार किया।
खबरों के मुताबिक, महिला ने पुलिस को अपनी चोटों की तस्वीरें, मेडिकल रिकॉर्ड और विस्तृत बयान सौंपा है। ग्लोबो एस्पोर्टे की रिपोर्ट में बताया गया है कि कथित घटना के बाद उसकी फॉरेंसिक जांच हुई और उसे मेडिकल व मनोवैज्ञानिक मदद भी उपलब्ध कराई गई। महिला ने कथित तौर पर इस घटना की जानकारी केप वर्डे फुटबॉल टीम के तीन अधिकारियों को भी दी थी, लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिला।
न्यूजीलैंड पुलिस ने पुष्टि की है कि अप्रैल में दर्ज कराई गई शिकायत की जांच अभी भी चल रही है। अधिकारियों ने ऑकलैंड के होटल से CCTV फुटेज भी हासिल कर लिया है और फॉरेंसिक जांच के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस ने अभी तक सार्वजनिक रूप से किसी संदिग्ध की पहचान नहीं की है और न ही किसी की गिरफ्तारी या औपचारिक आरोप की घोषणा की गई है।
फीफा ने इस मामले को स्वीकार करते हुए एक बयान जारी किया। इसमें कहा गया है कि वह गलत व्यवहार के किसी भी आरोप को “बहुत गंभीरता” से लेता है और न्यूजीलैंड के संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है। यूएसए टुडे को दिए गए बयान में फीफा ने कहा, “कृपया समझें कि हम इस चरण में और कोई टिप्पणी नहीं कर सकते।”
Updated on:
29 Jun 2026 05:11 pm
Published on:
29 Jun 2026 05:03 pm
बड़ी खबरें
View Allफुटबॉल
खेल
ट्रेंडिंग
