
कनाडा ने दक्षिण अफ्रीका को हराया(फोटो-X/@DStvUganda)
Canada vs South Africa: फीफा विश्व कप 2026 के राउंड-ऑफ-32 के पहले मुकाबले में कनाडा ने इतिहास रच दिया। लॉस एंजिलिस स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मैच में कनाडा ने दक्षिण अफ्रीका को 1-0 से हराकर पहली बार फीफा पुरुष विश्व कप के राउंड ऑफ-16 में प्रवेश किया। टीम की जीत के हीरो कप्तान स्टीफन यूस्टाक्वियो रहे, जिन्होंने इंजरी टाइम (90+2') में विजयी गोल दागा।
मुकाबले की शुरुआत से ही दक्षिण अफ्रीका ने आक्रामक अंदाज अपनाया, लेकिन अंतिम पास और फिनिशिंग में कमी के कारण वह बढ़त नहीं बना सका। दूसरी ओर कनाडा ने भी कई अच्छे मौके बनाए। पहले हाफ के अंतिम क्षणों में कनाडा गोल करने के बेहद करीब पहुंचा। दक्षिण अफ्रीका के डिफेंडर ऑब्रे मॉडिबा ने मोइज बॉम्बिटो के हेडर को गोललाइन से क्लियर किया, जबकि गोलकीपर रोनवेन विलियम्स ने ताजोन बुकानन के शॉट पर शानदार बचाव कर टीम को गोल खाने से बचा लिया। पहले 45 मिनट तक दोनों टीमें 0-0 की बराबरी पर रहीं।
ब्रेक के बाद कनाडा ने लगातार आक्रमण किए और दक्षिण अफ्रीका के डिफेंस पर दबाव बढ़ा दिया। तानी ओलुवासेयी के दमदार शॉट को रोनवेन विलियम्स ने शानदार तरीके से रोक दिया। इसके बाद डिफेंडर म्बेकेजेली म्बोकाजी ने रिबाउंड पर गोल होने से पहले ही गेंद को क्लियर कर दिया। 75वें मिनट में स्टार खिलाड़ी अल्फोंसो डेविस को मैदान पर उतारा गया। उनकी रफ्तार और शानदार ड्रिब्लिंग से कनाडा के हमलों में नई धार आई और दक्षिण अफ्रीका की रक्षा पंक्ति लगातार दबाव में रही।
जब मुकाबला अतिरिक्त समय की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा था, तभी इंजरी टाइम के दूसरे मिनट (90+2') में कप्तान स्टीफन यूस्टाक्वियो ने बॉक्स के बाहर उछलती गेंद पर शानदार फर्स्ट-टाइम शॉट लगाया। गेंद सीधे गोलपोस्ट के निचले कोने में जाकर समा गई और गोलकीपर रोनवेन विलियम्स उसे रोक नहीं सके। यही गोल मैच का निर्णायक साबित हुआ और कनाडा ने 1-0 से जीत दर्ज करते हुए पहली बार फीफा पुरुष विश्व कप के राउंड ऑफ-16 में जगह बना ली।
Updated on:
29 Jun 2026 03:30 am
Published on:
29 Jun 2026 03:16 am
बड़ी खबरें
View Allखेल
ट्रेंडिंग
FIFA World Cup 2026
