विश्व कप के युवा सितारे: प्रतिभा खोज कार्यक्रम से यूसुफ एन नेसरी ने बनाई पहचान। पुर्तगाल के खिलाफ मोरक्को को दिलाई ऐतिहासिक जीत। 55 मैच खेले हैं मोरक्को के लिए और 17 गोल कर चुके हैं अब तक।
दोहा. पुर्तगाल के खिलाफ 42वें मिनट में गोल करने वाले यूसुफ एन नेसरी रातों-रात स्टार बन गए हैं। मोरक्को के इस 25 वषीर्य खिलाड़ी ने क्वार्टरफाइनल मुकाबले में गोल कर अपनी टीम को पहली बार फीफा विश्व कप का टिकट दिला दिया। हालांकि नेसरी के लिए यहां तक पहुंचना उतना आसान नहीं था। मोरक्को के फेस प्रांत में जन्में नेसरी का बचपन गलियों में फुटबॉल खेलते हुए बीता है।मोरक्को के तत्कालीन किंग मोहम्मेद ने युवा प्रतिभा खोज अभियान चलाया था, जिसका मकसद गली फुटबॉलर्स को उचित मंच प्रदान करना था। तब नेसरी भी इस प्रतिभा खोल अभियान का हिस्सा बने और चुने गए। उन्हें बेहतर प्रशिक्षण व सुविधाओं के लिए यूरोप भेजा गया और वे स्पेन में ही बस गए।
दो विश्व कप में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी
नेसरी मोरक्को के पहले ऐसे फुटबॉलर बन गए हैं, जिन्होंने दो फीफा विश्व कप में गोल दागे हैं। कतर में नेसरी ने ग्रुप दौर में कनाडा के खिलाफ और फिर क्वार्टरफाइनल में पुर्तगाल के खिलाफ मैच विजयी गोल दागा। उन्होंने 2018 में रूस में हुए फीफा विश्व कप में स्पेन के खिलाफ ग्रुप दौर के मैच में अपना पहला गोल किया था। वे तीन विश्व कप गोल के साथ इस मेजर इवेंट में मोरक्को के शीर्ष स्कोरर बन गए हैं।
स्पेनिश लीग से बनाई पहचान
2016 में मोरक्को के क्लब से पदार्पण करने वाले नेसरी ने अपना पेशेवर करियर स्पेन में ही शुरू किया। उन्होंने मलागा की बी टीम से शुरुआत की और फिर सीनियर टीम में जगह बनाने में सफल रहे। 2020 में उन्होंने ला लीगा क्लब सेविला से करार किया। नेसरी सेविला की ओर से खेले 89 मुकाबलों में 27 गोल कर चुके हैं। उन्हें जनवरी, 2021 में ला लीगा प्लेयर ऑफ द मंथ भी चुना गया था क्योंकि उन्होंने उस दौरान दो हैट्रिक लगाई थीं।