5 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दिल्ली की लड़की से गाजियाबाद में गैंगरेप, ऑटो सवार तीन लड़कों ने अगवा कर की दरिंदगी

UP Crime: दिल्ली-एनसीआर से सटे गाजियाबाद में तीन लड़कों ने 23 साल की लड़की का अपहरण कर गैंगरेप किया। आरोपी ऑटो में सवार होकर आए थे। वारदात की सूचना से पुलिस में हड़कंप मचा है।

2 min read
Google source verification
gang_rape_in_ghaziabad.jpg

Gang Rape in Ghaziabad: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां सहेली और उसके बॉयफ्रेंड के साथ घर जा रही दिल्ली निवासी युवती को ऑटो से आए तीन लड़कों ने अगवा कर लिया। इसके बाद झाड़ियों में ले जाकर उसके साथ बारी-बारी दुष्कर्म किया। लड़की की हालत खराब होती देख आरोपी उसे झाड़ियों के पास ही छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद युवती की सहेली और उसके बॉयफ्रेंड ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। दिल्ली की युवती से गैंगरेप की सूचना से पुलिस में हड़कंप मचा है। पुलिस ने आनन-फानन मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी थाना प्रभारी ने बताया कि 23 साल की युवती दिल्ली की सोनिया विहार इलाके की रहने वाली है। घटना गुरुवार देर शाम ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र के खानापुर रोड पर हुई है। यहां जंगल और सुनसान एरिया है। पुलिस का कहना है कि शाम ढलते ही यहां लोगों का आना-जाना लगभग बंद हो जाता है। दिल्ली निवासी 23 साल की पीड़िता ट्रोनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र की एक कंपनी में काम करती है। गुरुवार देर शाम वह कंपनी से छुट्टी होने के बाद अपने घर जा रही थी। उसके साथ उसकी सहेली और उसका बॉयफ्रेंड भी था।


ट्रोनिका सिटी थाना प्रभारी ने बताया कि युवती ने पुलिस को तहरीर दी है। इसमें युवती ने बताया कि वह कंपनी से घर जा रही थी। उसके साथ उसकी सहेली और उसका बॉयफ्रेंड भी थे। रास्ते में सुनसान एरिया पड़ने पर वह स्कूटी चलाना सीखने लगी। उसकी सहेली और उसका बॉयफ्रेंड वहीं खड़ा था। इसी दौरान एक ऑटो से आए तीन लड़कों ने उसे ऑटो के अंदर खींच लिया। सहेली और उसके बॉयफ्रेंड ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें बंधक बना लिया। इसके बाद थोड़ी दूरी पर खानपुर इलाके के जंगल में ले जाकर लड़की से सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़ित युवती ने चौकी पहुंचकर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल टेस्ट कराने के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


ट्रोनिका सिटी थाना प्रभारी ने बताया कि संदेह के आधार पर तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। हालांकि पीड़िता की सहेली के बॉयफ्रेंड की भूमिका भी पुलिस को संदिग्ध लग रही है। उसे भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। पीड़िता की सहेली भी उसी कंपनी में काम करती है, जिसमें युवती काम करती है। काम से छूटने पर रोजाना पीड़िता का सहेली के साथ ही आना और जाना होता था। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने या तो युवती और उसकी सहेली के आने-जाने के समय की रेकी की है, या फिर किसी ने उन्हें इसकी जानकारी दी। इसलिए हर एंगल से मामले की जा रही है। युवती के परिजनों ने भी थाने पहुंचकर मामले में प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।