गाजियाबाद। सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष धर्मबीर डब्बास और सपा नेता राजन कश्यप को जीडीए के बोर्ड मेम्बर की सदस्या को तत्काल प्रभाव से खत्म कर दिया गया है। बीती रात में राज्यपाल के आदेश पर दोनों बोर्ड मेम्बरों को हटाया गया है। प्रमुख सचिव ने रात में ही दोनों सपा नेताओं की सदस्यता को खत्म किए जाने के लिए फैक्स भेजा। इसके बाद सपा के नेताओं में हड़कंप मच गया है।
राज्यपाल राम नाईक के आदेश पर सपा नेता धर्मबीर डब्बास और राजन कश्यप को हटाया गया है। फैक्स में लिखा गया है कि उत्तर प्रदेश राष्टपति अधिनियम 1974 द्वारा परिकृष्ठत उत्तर प्रदेश नगर योजना और विकास अधिनियम 1973 की धारा 4 की उपधारा आदि के अधीन शक्ति का इस्तेमाल करते हुए दोनों सपा नेताओं को तुरंत प्रभाव से सदस्य पद से हटाया जाता है।
बोर्ड बैठक में उठाए थे अजब गजब सवाल
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की तरफ से हाल ही में बोर्ड बैठक की गई थी। जिसकी अध्यक्षता प्रमुख सचिव आवास सदाकन्त ने की थी। इसमें प्राधिकरण के बजट और विकास कार्यों को लेकर चर्चा की गई थी। बैठक में सपा नेता राजन कश्यप ने अजब—गजब सवाल उठाए थे। जिसमें एफओबी के मुद्दे को लेकर उन्होंने कहा था कि एफओबी में अभी तक भी लिफ्ट नहीं लगाई गई है। जबकि सही मायने में फुट ओवर ब्रिज लगाने का काम और बीओटी का जिम्मा नगर निगम का है। इसके अलावा कश्यप किसी बात को लेकर जीडीए वीसी से भी उलझ गए थे।
बिल्डर को लाभ पहुंचाने पर हटाए गए डब्बास
सूत्रों का कहना है कि पूर्व महानगर अध्यक्ष धर्मबीर डब्बास किसी बिल्डर को लाभ पहुंचाने के लिए प्राधिकरण पर दबाव बनवा रहे थे। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से की गई। इसके बाद में फैक्स के जरिए दोनों को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया।