
गौ हत्या के शक में पहले हत्या फिर पुलिस के सामने शव को घसीटा, किरकिर के बाद यूपी पुलिस ने मांगी माफी, जाने क्या कहा....
हापुड़। पिछले दिनों सोशल मीडिया पर जो तस्वीर सामने आई उसने पुलिस विभाग के पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए। क्या आज कानून व्यवस्था और जनता की सुरक्षा में लगी पुलिस इतनी संवेदनहीन हो सकती है। शायद अगर आप भी उस तस्वीर को देखेंगे तो आपके भी रौंगटे खड़े हो जाएंगे। किस कदर पहले गौ हत्या के शक में हापुड़ में भीड़ ने कासिम की बेरहमी से पिटाई कर के हत्या कर दी। लेकिन इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल होने लगी जिसमें कुछ लोग खून से लथपथ मोहम्मद कासिम को हाथ-पैर पकड़ कर घसीटते घायल अवस्था में लटका कर ले जा रहे हैं और उनके आगे वर्दी की धमक जमाते हुए कुछ पुलिसवाले भी चल रहे हैं। तस्वीरें वायरल होने के बाद और चारों ओर से घिरी यूपी पुलिस की ओर से अब माफी मांग ली गई है। साथ ही तीन पुलिसवालों को लाइन हाजिर कर दिया गया।
घटना के बाद यूपी पुलिस के रवैये पर उठे सवाल और आलोचना के बाद डीजीपी मुख्यालय की ओर से लिखा गया है, 'हम इस घटना के लिए माफी मांगते हैं। तस्वीर में दिखाई दे रहे तीनों पुलिसवालों को पुलिस लाइन ट्रांसफर कर दिया गया है और जांच की जा रही है। ऐसा लगता है कि तस्वीर तब ली गई जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल को गाड़ी तक ले जाने के ऐंबुलेंस ना होने के चलते इस तरह से ले जाया गया। हम स्वीकार करते हैं कि इन पुलिसकर्मियों को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए थी। जान बचाने और कानून व्यवस्था बनाने की जल्दबाजी में मानवीय चिंताओं को नजरअंदाज किया गया। दूसरी तस्वीर से यह स्पष्ट है कि पीड़ित को यूपी-100 की गाड़ी से अस्पताल ले जाया गया।'
आपको बता दें कि घटना सोमवार की है जब हापुड़ के पिलखुआ थाना क्षेत्र में पड़ने वाले बछेड़ा खुर्द गांव में समीउद्दीन के खेत में एक गाय घुस गई जिसके बाद वो अपने एक साथी के साथ गाय को भगाने लगे। तभी कुछ लोगों ने गौ हत्या की खबर फैला दी। खबर फैलते ही भीड़ इक्ट्टा हो गई और लोगों ने समीउद्दीन और उसने साथी कासिम की बुरी तरह पिटाई शुरू कर दी। तभी कुछ लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हे उसे अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन कासिम की मौत हो गई। ये तस्वीरे उसी वक्त की बताई जा रही हैं।
वहीं इस घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है। गांव में पुलिस बल की भी तैनाती कर दी गई है। साथ ही 30-32 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। इस घटना के बाद यूपी पुलिस ने भले ही माफी मांग ली हो, लेकिन सवाल अभी भी वही हैं क्या वर्दी के बाद अंदर की इंसानियत मर जाती है।
Updated on:
22 Jun 2018, 1:41 PM IST
Published on:
22 Jun 2018, 10:05 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.