9 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

26 से 30 के बीच फिर बदलेगा मौसम, मौसम विभाग ने बारिश को लेकर जारी किया अलर्ट

Weather Forecast: मौसम में तेजी से उतार-चढ़ाव के बीच अगले तीन दिनों तक भीषण शीतलहर चलने की संभावना है। साथ ही कहीं-कहीं पाला पड़ने की भी संभावना है। उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने ट्रिपल अलर्ट जारी किया है।

2 min read
Google source verification
weather_update_today.jpg

IMD Weather Forecast: मौसम में तेजी से उतार-चढ़ाव के बीच अगले तीन दिनों तक भीषण शीतलहर चलने की संभावना है। साथ ही कहीं-कहीं पाला पड़ने की भी संभावना है। उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने ट्रिपल अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि दिन में आसमान साफ रहने से रात को शीतलहर में बढ़ोतरी हो रही है। इसके अलावा न्यूनतम तापमान में तेजी से हो रही गिरावट शीत से अति शीत दिवस की स्थितियां उत्पन्न हो रही हैं। इसके चलते उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों तक भीषण शीतदिवस होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो यूपी में 26 से 30 जनवरी के बीच मौसम में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। इस दौरान कोहरे के साथ कहीं-कहीं पाला गिर सकता है। हालांकि बारिश की फिलहाल कोई संभावना नहीं है।


गंगा के मैदानी इलाकों के कई हिस्से भीषण ठंड और शीतलहर की स्थिति से जूझ रहे हैं। उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कई स्टेशनों पर दिन और रात दोनों में सीजन का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया है। घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के कारण दिन का तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया। ठंडे दिन और शीत लहर की दोहरी मार ने राज्य में लगभग चौबीस घंटे ठंड की स्थिति पैदा कर दी है।

मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो उत्तर प्रदेश राज्य की सीमा नेपाल की तलहटी से लगती है। एक पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय की ओर बढ़ रहा है। जिसके पीछे पीछे बेहद ठंडी हवाएं चल रही हैं। ये बर्फीली ठंडी हवाएं राज्य भर में ढलानों से लेकर तलहटी तक बहती हैं। समूचे मैदानी इलाकों में फैले घने कोहरे के कारण कई स्थानों पर धूप लगभग शून्य हो गई है। अगले एक सप्ताह तक राहत की कोई संभावना नहीं है। बल्कि, निचले स्तरों में तेज़ हवाएँ ठंड को बढ़ाएंगी, खासकर देर रात और सुबह के समय में। महीने के आखिरी दिन के आसपास आने वाला ताजा और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ मामूली राहत दे सकता है। शुष्क और सर्द मौसम की स्थिति अगले सप्ताह की शुरुआत तक जारी रहेगी।

आंचलिक विज्ञान नगरी के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि दिन में आसमान खुलने से रात की शीतलहर में बढ़ोतरी होगी। इसके साथ ही निचले क्षोभमंडल में चल रहीं सर्द उत्तरी-पश्चिमी हवाओं के चलते न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान गिरने से प्रदेश के पश्चिमी और मध्यवर्ती हिस्सों में शीतलहर की भयंकर स्थितियां उत्पन्न हो गई हैं। इसके साथ-साथ हवा की धीमी रफ्तार, नमी की प्रचुरता एवं ऊंचाई तक फैले निम्न दबाव के कारण घने से अत्यधिक घने कोहरे का दौर आगे भी जारी रहेगा।

उन्होंने आगे बताया “तापमान में अचानक तेजी से आई गिरावट के चलते अगले दो से तीन दिन प्रदेशभर में शीत से अति शीत दिवस होने की संभावना है। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ आने से स्थिति में कुछ बदलाव दर्ज किया जा सकता है। बहरहाल अगले दो से तीन दिनों तक प्रदेश में भीषण शीतलहर चलने की संभावना है। इसके साथ ही शीतलहर से प्रभावित प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी एवं मध्यवर्ती भाग में कहीं-कहीं पाला पड़ने की संभावना भी है।