
अंशिका को यह पुरस्कार नेपाल के पूर्व उप प्रधानमंत्री सुजाता कोइराला व पीपुल्स पार्टी के अध्यक्ष इंद्रबहादुर थापा ने प्रदान किया है।
इटियाथोक शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय भीखमपुरवा की छात्रा अंशिका मिश्रा को बेसिक शिक्षा का गूगल गर्ल कहा जाता है। पहली बार वह देश के सभी राज्य, उनकी राजधानी व देश भर के सभी 726 जिलों के नाम मुंहजबानी सुनाकर चर्चा में आई थी। 726 जिलों के नाम तो उसने महज 6 मिनट के भीतर सुनाकर सभी को अपनी प्रतिभा से चौंका दिया था। उसकी इस प्रतिभा के लिए उसका नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया था। कक्षा पांच की छात्रा अंशिका को उसकी प्रतिभा रखने के लिए नेपाल की राजधानी काठमांडू में आमंत्रित किया गया था। शनिवार को काठमांडू में आयोजित एक कार्यक्रम में अंशिका ने नेपाल को चौंका दिया। अंशिका ने आयोजकों के सवालों का बेझिझक जवाब देकर नेपाल में यूपी बेसिक शिक्षा का डंका बजा दिया। अंशिका की प्रतिभा से प्रभावित फिल्म स्टार श्वेता भट्टाचार्य ने उसे अपनी कलाई घडी़ पहना दी तो पूरा मंच तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। यह क्षण बेसिक शिक्षा को गौरवान्वित करने वाला था। अंशिका के प्रदर्शन के समय भारत व नेपाल समेत बांग्लादेश,श्रीलंका व मालद्वीव के प्रतिविधि भी मंच पर थे। सभा ने अंशिका की प्रतिभा और यूपी बेसिक शिक्षा की सराहना की। नेपाल के पूर्व उप प्रधानमंत्री सुजाता कोइराला, पीपुल्स पार्टी के अध्यक्ष इंद्रबहादुर थापा, दिनेश उपाध्याय ,राजीव पाल व सिद्दी जोशी ने अंशिका को दक्षिण एशिया क्षेत्रीय उत्कृष्टता पुरस्कार के रूप में प्रशस्ति पत्र,मोमेंटो व मेडल देकर सम्मानित किया। इस दौरान अंशिका के पिता व प्राथमिक विद्यालय भीखमपुरवा के प्रधानाध्यापक मनोज मिश्रा भी मंच पर मौजूद थे।
देश के कई शहरों में कर चुकी प्रतिभा का प्रदर्शन
गोंडा। प्राथमिक विद्यालय भीखमपुरवा की छात्रा अंशिका मिश्रा इसके पहले भी देश के कई शहरों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी है। अंशिका ने अब तक दिल्ली, मुम्बई, बिहार, लखनऊ, भोपाल व इंदौर में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। अंशिका को सिर्फ देश के ही नहीं बल्कि समूचे विश्व के राज्य,उनरी राजधानी, वहां का क्षेत्रफल, संबंधित देश की करेंसी व अन्य महत्वपूर्ण जानकारी याद है। उसकी इस प्रतिभा के लिए उसे सभी मंचों पर सम्मानित किया जा चुका है। अंशिका को अब तक इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, चैंपियन वर्ल्ड रिकॉर्ड, इण्डिया स्टार आईकॉन, यूपी गौरव रत्न अवार्ड, इण्डिया साइनिंग अवार्ड, भारत गौरव रत्न अवार्ड खिताब मिल चुका है।
अंशिका की सफलता पर जताई प्रसन्नता
गोंडा। अंशिका के सम्मान पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह व डायट प्राचार्य अतुल कुमार तिवारी समेत सभी खंड शिक्षा अधिकारियों ने प्रसन्नता जताई है। बीएसए ने कहा कि यह जिले के लिए ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश की बेसिक शिक्षा के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। वहीं अंशिका की सफलता पर प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष आनंद त्रिपाठी, मीडिया प्रभारी वीरेंद्र त्रिपाठी,विजय नरायण पांडेय, धनन्जय शुक्ला समेत जिले के तमाम शिक्षकों ने भी प्रसन्नता जताई है।
Published on:
17 Apr 2022 06:18 pm
बड़ी खबरें
View Allगोंडा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
