जिले में राप्ती, रोहिन, सरयू, गोर्रा नदियां अक्सर तबाही मचाती हैं। हाल में सभी नदियों का जलस्तर बढ़ा है। जिला प्रशासन की ओर से जारी बुलेटिन के मुताबिक सहजनवां के मलाव पिपरी में राप्ती नदी के दाएं तट पर बंधे पर आंशिक कटान शुरू हो गई है। इसे रोकने के लिए बंबू केट और ट्री स्पर लगाए गए हैं।
GorakhpurNews : लगातार हो रही बारिश और नेपाल में नदियों का जलस्तर बढ़ने से जिले की नदियां एक बार फिर उफान पर हैं। इससे नदियों के आसपास बंधों के ठोकर पर कटान का खतरा बढ़ गया है। लेकिन बड़े बड़े दावे करने वाले विभाग इन कटानो को रोकने के लिए अब भी बांस और पेड़-पौधों का सहारा लिया जा रहा है।
हर वर्ष नदियां मचाती हैं तबाही
जिले में राप्ती, रोहिन, सरयू, गोर्रा नदियां अक्सर तबाही मचाती हैं। हाल में सभी नदियों का जलस्तर बढ़ा है। जिला प्रशासन की ओर से जारी बुलेटिन के मुताबिक सहजनवां के मलाव पिपरी में राप्ती नदी के दाएं तट पर बंधे पर आंशिक कटान शुरू हो गई है। इसे रोकने के लिए बंबू केट और ट्री स्पर लगाए गए हैं। सरयू (घाघरा) और कुआनो नदी के संगम स्थल के समीप घाघरा नदी के बाएं तट पर स्थित ग्राम जिगनिया शाहपुर मठराम गिरी में ट्री स्पर लगाकर कटान रोकी जा रही है।
3 माह पहले हुई थी मरम्मत, फिर जगह-जगह रेन कट
जंगल कौड़िया क्षेत्र में रोहिन नदी के किनारे मानीराम कुदरिया बांध की मरम्मत 3 माह पूर्व कराई गई थी, लेकिन इसके बाद भी बंधे पर जगह-जगह रेन कट हो गए हैं। अब बरसात हो रही है तो रेनकट की मरम्मत आवश्यक है।
गोला के बिसरा गांव स्थित मल्लाह टोला में सरयू नदी कटान कर रही है। यहां के ग्रामीणों का कहना है कि हर साल बाढ़ और कटान झेलना हम लोगों की नियति बन गई है। नदी के कटान करने पर पेड़ पौधे और झाड़ झंखाड़ डालकर रोकने का प्रयास किया जा रहा है। इस संबंध में एसडीएम रोहित मौर्या ने बताया कि कटान वाले स्थानों की नियमित समीक्षा की जा रही है।
कोठा-नवलपुर बांध पर जगह-जगह रेनकट और शाही मांद
बड़हलगंज ब्लाक क्षेत्र के कोठा-नवलपुर बांध पर जगह-जगह रेनकट और शाही मांद है। अगर नदी का पानी बढ़ा तो बंधे को बचाना मुश्किल हो जाएगा। गरयाकोल और खुटभार रिंग बांध की हालत भी ठीक नहीं है। राप्ती की बाढ़ से खुटभार गांव स्थित ठाकुर मंदिर के पास हो रही कटान के पास सिंचाई विभाग के कर्मचारी पेड़ की डालियां डाल रहे हैं। जबकि सरयू नदी से बुढ़नपुरा-नरहरपुर जंक्शन पर गांव की मुख्य सड़क पर हो रही कटान को सिंचाई विभाग के लोग बंबू क्रेट कटर और पेड़ की डालियां डालकर कटान रोक रहे हैं।
अधीक्षण अभियंता , सिंचाई विभाग
अधीक्षण अभियंता, सिंचाई विभाग दिनेश सिंह ने बताया की नदियों के जलस्तर को देखते हुए निगरानी की जा रही है। बंधों की सुरक्षा के समुचित प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं।