गोरखपुर। इनामी राधे यादव के जेल से छूटते ही एसटीएफ द्वारा उठाए जाने पर बवाल खड़ा हो गया है। राधे के समर्थन में सैकड़ों की संख्या में लोग सुबह से ही गोरखपुर-बनारस हाईवे को जाम कर दिया। भारी संख्या में एनएच पर जाम लगाकर नारेबाजी कर रहे लोगों को हटाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया। बल प्रयोग के बाद लोगों ने एनएच को खाली किया। हालांकि, एसटीएफ की कार्रवाई से लोगों का गुस्सा कम नहीं हुआ है।

बांसगांव के धस्का गांव का रहने वाले राधे यादव पर दर्जनों गंभीर मामले दर्ज है। बृहस्पतिवार को राधे यादव जेल से रिहा हुआ। इस इनामी बदमाश के जेल से बाहर आते ही एसटीएफ ने उसे गेट से ही उठा लिया।
एसटीएफ की इस कार्रवाई की सूचना गांव में पहुंची तो गांव के लोग गुस्से से भर उठे। शुक्रवार की सुबह ही गांव के सैकड़ों लोग बुजुर्ग, महिलाएं सड़क पर आ गए। गोरखपुर-बनारस राजमार्ग को कौड़ीराम चैराहा के पास जाम कर दिया। लोग सड़क पर राधे यादव के समर्थन में नारेबाजी करने लगे। चारों तरह भयंकर जाम लग गया। कई किलोमीटर तक लगे इस जाम की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। लोगों को समझाया। लेकिन लोग किसी भी सूरत पर मानने को तैयार नहीं थे।

उनका कहना था कि राधे यादव को पुलिस बेवजह परेशान कर रही है। वह उसका फर्जी एनकाउंटर करना चाहती है।
लोगों के गुस्से को देखते हुए पुलिस ने लाठीचार्ज कर किसी तरह एनएच खाली कराया। हालांकि, अभी भी लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ है।