
शिव प्रताप शुक्ला
गोरखपुर. केंद्र की मोदी सरकार में गोरखपुर को भी प्रतिनिधित्व मिल गया है। वरिष्ठ बीजेपी नेता कलराज मिश्र के इस्तीफे के बाद प्रदेश उपाध्यक्ष शिव प्रताप शुक्ला को मंत्री परिषद में शामिल करने की हरी झंडी मिल चुकी है। शिव प्रताप शुक्ला इस समय राज्य सभा सदस्य भी हैं।
बीजेपी के छात्र संगठन व युवा मोर्चा से अपनी राजनीति की शुरुआत करने वाले शिवप्रताप शुक्ला गोरखपुर के पास स्थित खजनी के रुद्रपुर गांव के रहने वाले हैं। मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखने वाले श्री शुक्ल की शिक्षा-दीक्षा गोरखपुर में हुई है। इन्होंने दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय से कानून की डिग्री ली। पेशे से अधिवक्ता शिव प्रताप शुक्ला इमरजेंसी में जेल भी जा चुके हैं। पहली बार शुक्ला 1989 में गोरखपुर शहर से बीजेपी की टिकट पर विधायक चुने गए। इसके बाद लगातार चार बार विधायक चुने गए। 1991, 1993, 1996 में भी भगवा को गोरखपुर शहर सीट पर फहराया। इस दौरान जब जब बीजेपी की सरकार रही शिव प्रताप शुक्ला प्रदेश सरकार में मंत्री रहे।
लेकिन 2002 में उनको हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद वह लगातार संगठन में सक्रिय रहे।
प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई। 2016 में शिव प्रताप शुक्ला का वनवास ख़त्म करते हुए पार्टी में अचानक राज्य सभा में भेजने का फैसला लिया।
मंडल से मोदी मंत्रिमंडल में वरिष्ठ नेता कलराज मिश्र देवरिया सीट से चुनाव जीतकर मंत्री हुए थे। लेकिन उनकी उम्र को देखते हुए लगातार उनको हटाने का कयास लगाया जा रहा था। इस बार कयास पर मुहर लग गई और कलराज मिश्र से इस्तीफा ले लिया गया। कलराज मिश्र के इस्तीफा से इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व देने के लिए अब शिव प्रताप शुक्ला को मौका दिया गया है।
बता दें कि रविवार सुबह नरेंद्र मोदी मंत्रिमंडल का विस्तार होना है। इसमें कई नये मंत्रियों के शामिल होने की चर्चा है। कलराज मिश्र उम्र का हवाला देकर इस्तीफा दे चुके हैं। शिव प्रताप शुक्ला के अलावा बस्ती से सांसद हरीश द्विवेदी भी मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं ।
By- Dhirendra Gopal
Published on:
2 Sep 2017, 10:22 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.