लोकसभा 2019
कांग्रेस ने महराजगंज लोकसभा क्षेत्र से अपना प्रत्याशी बदल दिया है। अब सुप्रीया श्रीनेत महराजगंज लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस की प्रत्याशी होंगी। गुरुवार की देर रात में घोषित कांग्रेस की सूची में पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी की सुपुत्री तनुश्री त्रिपाठी को प्रत्याशी बनाया था। लेकिन कुछ ही घंटों में तनुश्री का टिकट काटते हुए एक बड़े मीडिया हाउस में कार्यरत सुप्रिया श्रीनेत को प्रत्याशी बना दिया गया है।
सुप्रिया श्रीनेत पूर्व सांसद हर्षबर्धन की बेटी हैं। हर्षबर्धन महराजगंज के कद्दावर नेता रह चुके हैं। वह जनता दल की टिकट पर 1989 में सांसद बने थे। इसके बाद विभिन्न दलों से चुनाव मैदान में आए लेकिन सफलता नहीं मिली। 2009 में कांग्रेस के टिकट पर वह महराजगंज लोकसभा सीट से चुनाव लडे। इस बार वह अजेय सांसद पंकज चैधरी को काफी बड़े अंतर से मात देने में सफल रहे। हर्षवर्धन को 305474 मत मिले तो भाजपा प्रत्याशी पंकज चौधरी को 173039 मत मिले।
अब पूर्व सांसद हर्षबर्धन इस दुनिया में नहीं हैं। उनकी राजनैतिक विरासत को संभालने के लिए बेटी सुप्रिया श्रीनेत इस बार मैदान में हैं। कांग्रेस ने उन पर दांव लगाया है। सुप्रिया श्रीनेत एक बड़े मीडिया हाउस में उच्च पद पर थीं। इस्तीफा देकर वह मैदान में उतरी हैं।