गोरखपुर

फंदे से लटक रहा था सिपाही की पत्नी का शरीर… जमीन से सटे थे पैर, दोनों हाथ बेड पर…मामला संदिग्ध

गोरखपुर में डॉयल 112 कैंट थाने पर तैनात सिपाही आशीष राय की पत्नी साधना राय की शाहपुर थानाक्षेत्र बिछिया में किराए के मकान में फंदे से लटकती लाश मिली, मौत का कारण संदिग्ध लग रहा है, पुलिस की जांच जारी है।

2 min read
Jun 26, 2025
फोटो सोर्स: सोशल मीडिया, सिपाही के पत्नी की संदिग्ध मौत, जांच पड़ताल शुरू

गोरखपुर में गुरुवार को शाहपुर थानाक्षेत्र के बिछिया के अकोलवा मुहल्ले में एक किराए के मकान में रह रहे सिपाही की पत्नी की फंदे से लटकती हुई लाश मिली। फिलहाल मौत संदिग्ध लग रही थी क्योंकि मृतका का पैर जमीन से सटा था और दोनों हाथ बेड पर। सूचना पर पहुंची शाहपुर पुलिस ने परिजनों के आने तक कमरे को सील रखा। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

दोपहर में पड़ोसी महिला ने साधना को कमरे में लटकता देख मचाई शोर

जानकारी के मुताबिक गोरखपुर के कैंट थाने में डायल 112 पर तैनात सिपाही आशीष राय अपनी पत्नी साधना राय और दो बच्चों के साथ बिछिया मुहल्ले में किराए के मकान में रहते हैं। गुरुवार सुबह सात बजे बेटा आयुष स्कूल चला गया था। आठ बजे के करीब आशीष ड्यूटी पर निकल गए। दोपहर करीब 12 बजे पड़ोस में रहने वाली एक किराएदार महिला अपनी बच्ची के रोने पर साधना के कमरे में पहुंची, तो देखा कि वह चादर से बने फंदे से लटकी हुई थीं। शव की स्थिति संदिग्ध थी, मृतका के दोनों पैर फर्श से लगे हुए थे और हाथ बिस्तर पर टिके थे।

पुलिस और पति को दी गई सूचना, पुलिस ने मायके वालों के आने तक कमरा सील किया

कमरे में साधना को इस तरह लटकते देख महिला शोर मचाती हुई बाहर भागी और पड़ोसियों को बताई। पति आशीष राय को भी खबर दी गई, पति आशीष मौके पर पहुंचे और पुलिस के साथ-साथ ससुराल पक्ष को भी जानकारी दी। साधना के मायके वालों ने पुलिस से अनुरोध किया कि जब तक वे मौके पर न पहुंच जाएं, शव को फंदे से न उतारा जाए। इस पर पुलिस ने मकान में ताला लगा दिया और शव को जस का तस छोड़ दिया।

तीन घंटे बाद शव उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

करीब तीन घंटे बाद मायके वाले पहुंचे, जिसके बाद शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी कि यह आत्महत्या है या हत्या। पुलिस पारिवारिक सदस्यों के साथ ही मृतका के कॉल डिटेल की भी जांच की जा रही है। इस घटना के बाद मुहल्ले में भी कई बातें अफवाह के रूप में हो रही है।

Published on:
26 Jun 2025 08:11 pm
Also Read
View All

अगली खबर