
गोरखपुर में एक युवक की आज ही बारात जानी थी, घर में चहल पहल मची थी लेकिन अचानक पुलिस पहुंची और युवक को उठा ले गई और वह इस समय जेल में है।
शाहपुर इलाके में घर के पास ही रहने वाली एक युवती संग सात साल तक लीव इन में रहने के बाद युवक ने दूसरी शादी तय कर ली। आज शुक्रवार को उसकी बारात जानी थी, इससे पहले ही युवती थाने पहुंच गई। पुलिस ने जांच के बाद युवती की तहरीर पर आरोपी महेंद्र राज पर केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। लड़के की करतूत जानने के बाद लड़की के घरवालों ने शादी तोड़ दी।
जानकारी के मुताबिक शाहपुर थानाक्षेत्र की एक युवती ने पुलिस को बताया कि बिछिया के रहने वाले महेंद्र राज से उसकी दोस्ती थी। महेंद्र ने एक मंदिर में उससे शादी कर ली और पत्नी की तरह एक मकान में रख दिया था। इस दौरान कई बार शारीरिक संबंध बनाया और हर बार घर ले जाने के बारे में पूछने पर कहता था कि जल्द ही उसे घर ले जाएगा। अभी घरवालों को बताया नहीं है, लेकिन वह जल्द ही घरवालों को राजी कर लेगा।
इधर, लड़के ने घरवालों को यह जानकारी नहीं दी, जिस वजह से घरवालों ने उसकी शादी गोरखनाथ इलाके में तय कर दी। खामोशी से तिलक भी हो गया, लेकिन शादी के दिन ही युवती को इसकी भनक लग गई। युवती का कहना है कि आरोपी के मोबाइल पर संपर्क करने पर उसने बताया कि वह दूसरी लड़की से शादी करने जा रहा है। यह सुनने के बाद युवती तत्काल शाहपुर थाने पहुंच गई। मामला गंभीर होने की वजह से पुलिस ने जांच की और फिर केस दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Published on:
22 Nov 2024 10:57 pm
बड़ी खबरें
View Allगोरखपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
