न्यू आगरा (New Agra City) को देश के पहले मॉडर्न सिटी के रूप में बसाया जाएगा। यहां सभी विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेगी। इसके साथ ही एक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम (International Cricket Stadium) भी नए आगरा में बनाया जाएगा। नोएडा एयरपोर्ट और यमुना एक्सप्रेस वे के काफी करीब होने का लाभ भी इस स्टेडियम को मिलेगा। आवागमन सुगम होने के चलते यहां खूब अंतरराष्ट्रीय मैच कराए जा सकेंगे।
नोएडा. नोएडा एयरपोर्ट (Noida Airport) के बाद अब यमुना एक्सप्रेस वे (Yamuna Expressway) किनारे नया आगरा शहर बसाने की प्रकिया शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि यमुना अथॉरिटी (Yamuna Authority) जल्द नए आगरा शहर के मास्टर प्लान के लिए कंपनी का चयन करने वाली है। न्यू आगरा (New Agra City) को देश के पहले मॉडर्न सिटी के रूप में बसाया जाएगा। यहां सभी विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेगी। इसके साथ ही एक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम (International Cricket Stadium) भी नए आगरा में बनाया जाएगा। नोएडा एयरपोर्ट और यमुना एक्सप्रेस वे के काफी करीब होने का लाभ भी इस स्टेडियम को मिलेगा। आवागमन सुगम होने के चलते यहां खूब अंतरराष्ट्रीय मैच कराए जा सकेंगे। न्यू आगरा में बेहतर सीवरेज सिस्टम के साथ इलेक्ट्रिसिटी और पीने के पानी के भी बेहतर इंतजाम किए जाएंगे। इसके अलावा ट्रैफिक सिस्टम को भी आधुनिक बनाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि यमुना प्राधिकरण विकास के नए आयाम गढ़ते हुए न्यू वृंदावन और टप्पल अर्बन सेंटर बसाने की कवायद कर रहा है। इसी के साथ उत्तर प्रदेश के सबसे पुराने शहरों में शुमार आगरा को जल्द ही नई पहचान मिलने जा रही है। यमुना प्राधिकरण ने यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे आगरा की सीमा में न्यू आगरा सिटी बसाने की तैयारियां तैयारियां शुरू कर दी हैं। सूत्रों की मानें तो जल्द ही मास्टर प्लान के लिए कंपनी का चयन किया जाएगा। बताया जा रहा है कि इसका मास्टर प्लान भी बेहद कम समय में तैयार किया जाएगा। क्योंकि यह क्षेत्र दिल्ली एनसीआर में नहीं आता है। न्यू आगरा सिटी से ताज नगरी की लैदर इंडस्ट्री और टूरिज्म इंडस्ट्री को भी नए आयाम मिलेंगे। साथ ही पेठे को भी नई पहचान मिलेगी। 12 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में बनने वाले इस आधुनिक शहर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम विशेष पहचान देगा।
यमुना एक्सप्रेस वे के सेक्टर-35 के पास बनेगा नया शहर
यमुना अथॉरिटी के मुताबिक, यमुना एक्सप्रेस वे क्षेत्र में सेक्टर-35 के पास नया शहर बनाया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि टप्पल अर्बन सेंटर कुल 11104 हेक्टेयर भूमि में बसाया जाएगा। जिसमें से 1794.4 हेक्टेयर भूमि बिजनेस पर्पज के लिए होगी। यहींं पर लॉजिस्टिक और वेयर हाउस कलस्टर विकसित होगा। जबकि 1608.3 हेक्टेयर भूमि आवासीय होगी। जबकि मथुरा में राया के पास नया वृंदावन शहर पर्यटन के लिए खास होगा। ये शहर कुल 9350 हेक्टेयर भूमि पर बसाया जाएगा। इसमें 731 हेक्टेयर भूमि पर्यटन जोन के लिए होगी। जबकि 110 हेक्टेयर में रिवर फ्रंट डेवलप किया जाएगा, जो यमुना नदी के किनारे बनेगा।
यमुना में नहीं छोड़ा जाएगा सीवर का पानी
यमुना अथॉरिटी के अनुसार, न्यू आगरा सिटी में विश्वस्तरीय सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। यहां स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के साथ स्वच्छ पर्यावरण मिलेगा। इसके लिए बेहतर ट्रांसपोर्ट सुविधा के लिए सड़कों पर कमर्शियल और निजी वाहनों के लिए अलग लेन होंगी। इसके साथ ही न्यू आगरा में कोई ट्रैफिक सिग्नल भी नहीं होगा। सबसे खास बात ये है कि शहर में सीवर से निकलने वाले पानी को यमुना नदी में नहीं छोड़कर उसे रिसाइकल किया जाएगा। उसके बाद रिसाइकल पानी से शहर की बागवानी की जाएगी।