
वो फर्श पर तड़पती रही और लोग वीडियो बनाते रहे
ग्रेटर नोएडा। कासना थाना क्षेत्र के जगत फार्म में ए०के० प्लाजा मार्केट का ऐसा वीडियो वायरल हुआ है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। दरअसल जगत फार्म स्थित ए०के० प्लाजा मार्केट में कॉस्मेटिक की दुकान में काम करने वाली युवती को कुलदीप नाम के युवक ने चाकू घोप कर घायल कर दिया। साथ ही खुद को भी चाकू मारकर घायल कर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। प्रत्य़क्षदर्शियों के मुताबिक दोनों प्लाजा के फर्श पर लावारिसों की तरह काफी देर तक पड़े तड़पते रहे। लोग वीडियो बनाते रहे, लेकिन कोई मदद के लिए आगे नहीं आया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक युवती के शरीर से ज्यादा खून बहने के कारण उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल यह मामला एकतरफा प्यार का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक जगत फार्म मार्किट में एक दुकान कॉस्मेटिक की दुकान पर काम करने वाली 18 साल की युवती अपने सिरफिरे आशिक कुलदीप के एकतरफा प्यार का उस समय शिकार हो गयी, जब वह पहली मंजिल पर स्थित शौचालय में जा रही थी। तभी पहले से घात लगाए आरोपी कुलदीप ने उसे पकड़ लिया। दोनों के बीच बहस हुई और उसके बाद कुलदीप ने युवती पर चाकू से ताबड़तोड़ एक के बाद एक कई वार कर डाले। जिससे युवती घायल होकर फर्श पर गिर पड़ी। उसके बाद उसने खुद को भी चाकू मार कर खुदकुशी का प्रयास किया। अस्पताल में इलाज के दौरान लड़की की तो मौत हो गई, जबकि आरोपी की हालत में सुधार है।
यह भी पढ़ें-कश्मीर में पत्थरबाजी का खुलासा करने वाले नसीम ने अब कह दी ऐसी बात
पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत पर पहले धारा 307 में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज़ किया गया था। अब युवती की मौत के बाद उसे बदल कर 302 (हत्या की धारा) कर दिया गया है। हमले का आरोपी अभी जिला अस्पताल में भर्ती है। जहां से उसे डिस्टिक कोर्ट में पेश किया जाएगा। परिजनों के मुताबिक युवक पिछले 3 महीनों से उनकी बेटी का पीछा कर रहा था। लगातार परेशान करने के चलते मृतका के घरवालों ने उसकी शिकायत पुलिस से की थी, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
Updated on:
23 Jun 2018, 7:14 PM IST
Published on:
23 Jun 2018, 7:08 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.