गुना

तीन जिलों के 42 व्यापारियों से 10 करोड़ ठगने वाले दोनों सगे भाई इंदौर से गिरफ्तार

आरोपी लोकेन्द्र और सचिन पर घोषित था 31 हजार रुपए का इनाम

3 min read
Aug 14, 2023
तीन जिलों के 42 व्यापारियों से 10 करोड़ ठगने वाले दोनों सगे भाई इंदौर से गिरफ्तार

गुना. कुंभराज, गुना, राजगढ़ समेत अन्य जगहों की मंडियों के व्यापारियों और किसानों से दस करोड़ रुपए से अधिक की ठगी करने वाले व्यापारी लोकेन्द्र गुप्ता और उनके भाई सचिन गुप्ता को इंदौर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह दोनों बीस दिन पूर्व यहां ठगी कर भाग गए थे।

व्यापारी संघ ने इनकी गिरफ्तारी पर 21 लाख रुपए और पुलिस अधीक्षक गुना ने दस हजार रुपए कुल 31 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार सगर ने इन दोनों भाईयों की इंदौर में गिरफ्तार किए जाने की पुष्टि की है। सगर ने बताया कि इनके इंदौर में होने का इनपुट हमें मिला था। इन दोनों भाईयों को इंदौर की क्राइम ब्रांच ने पकड़ लिया। इंदौर से गुना लाने के लिए एक पुलिस टीम इंदौर गई है, जो सुबह तक यहां लेकर आएगी। यहां दोनों व्यापारियों से पैसों के संबंध में और व्यापारियों से ठगी रकम के संबंध में पूछताछ की जाएगी। इनकी गिरफ्तारी किए जाने की मांग को लेकर कुंभराज कृषि उपज मंडी के व्यापारी दो दिन से धरने पर बैठे हुए थे। यहां किसी भी तरह की फसल की खरीद-फरोख्त नहीं हो पा रही थी।

व्यापारियों ने बताया कि भागने से दो दिन पहले उसने अपने कर्मचारियों और हम्मालों को धार्मिक यात्रा पर भेज दिया। सभी को उसने राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर भेजा था। इसका खर्चा भी उसने खुद ही उठाया। किसी को शंका न हो, इस वजह से लोकेंद्र ने ऐसा किया। उन्हें खाटू श्याम भेजने के बाद व्यापारियों से कहा कि लेबर खाटू श्याम जा रही है, इसलिए उसकी दुकान बंद रहेगी। व्यापारियों ने भी इसी कारण उसकी बातों में आकर यकीन कर लिया। उनको भी यही लगा कि वास्तव में लेबर के खाटू श्याम जाने के कारण लोकेंद्र ने दुकान बंद की है। इसके बाद वह दुकान नहीं खुली। व्यापारियों ने कुंभराज मंडी में काम बंद कर दिया था। इससे रोज 12-15 लाख रुपये का नुकसान हो रहा था।
-

एक वर्ष पहले शुरू किया अलग से व्यापार

करोड़ों रुपए लेकर भागे लोकेन्द्र से शिकार हुए व्यापारियों ने बताया कि लोकेंद्र का परिवार लंबे समय से मंडी में व्यापार करता आ रहा है। पिछले वर्ष लोकेंद्र ने अपने परिवार से अलग हो कर अपनी अलग फर्म शुरू की। सबसे पहले उसने मक्का खरीदना शुरू किया था। उसने दो लाख बोरी मक्का खरीदी थी। इसका पेमेंट वह व्यापारियों को समय से करता था। व्यापारियों में विश्वास करने के बाद उसने धनिया खरीदा और किसानों व व्यापारियों को धनिये का पैसा न देकर अपने भाई और परिवार के साथ भाग निकला था। रास्ते में एक व्यापारी ने उसको पकड़ा और वापस लाकर लोकेन्द्र गुप्ता ने 18 लाख रुपए दिए थे, इसके बाद लोकेन्द्र गायब हो गया था।
-

व्यापारी संघ ने आरोपियों की गिरफ्तारी पर 21 लाख रुपए का रखा था इनाम
जिले की कुंभराज मंडी में लोकेंद्र गुप्ता (डब्बू) जीबी अग्रवाल नाम से गल्ला खरीदने-बेचने की फर्म चलाता था। मंडी में ही उसका फड़ है। उसने कुंभराज, बीनागंज, गुना मंडी के कई व्यापारियों, किसानों से उपज खरीदी थी। इसका पेमेंट भी नहीं किया था। सभी से 15 दिन में पेमेंट करने का आश्वासन दिया था। काफी समय से व्यापारी पेमेंट लेने तकादा कर रहे थे। लोकेंद्र ने व्यापारियों को 19 जुलाई को पेमेंट देने को कहा था। इसके लिए उसने व्यापारियों को बुलाया भी था। 19 जुलाई को जैसे ही व्यापारी पेमेंट लेने उसके फड़ पर पहुंचे, वहां ताला लगा था। उसके घर जाकर देखा, तो वहां भी ताला लगा हुआ था। व्यापारियों को पता चला कि वह तो 18 जुलाई की रात ही फरार हो गया। 42 व्यापारियों को वह 10 करोड़ से ज्यादा का चूना लगा गया। हैरान-परेशान व्यापारी पुलिस के पास पहुंचे और शिकायत की। कई थानों में व्यापारियों ने उसकी रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

Published on:
14 Aug 2023 10:19 pm
Also Read
View All

अगली खबर