1 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जहां जरूरत ही नहीं वहां सीसी सड़क के ऊपर ही डाल दी डामर सड़क

पत्रिका ऑन द स्पॉट : उसी इलाके में कई प्रमुख मार्ग जर्जर हालत मेंजिला मुख्यालय पर सड़क पेंचवर्क के नाम पर जनता के पैसे का दुरूपयोग

3 min read
Google source verification
जहां जरूरत ही नहीं वहां सीसी सड़क के ऊपर ही डाल दी डामर सड़क

जहां जरूरत ही नहीं वहां सीसी सड़क के ऊपर ही डाल दी डामर सड़क

गुना. एक तरफ जहां पीडब्ल्यूडी शहर विकास को लेकर बजट की कमी बता रहा है। वहीं दूसरी ओर जनता से विभिन्न टैक्स के जरिए वसूली गई राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है। ताजा मामला शहर के कैंट क्षेत्र में सीएमओ के सरकारी आवास के ठीक सामने ही सामने आया है। जहां पहले ही सीसी सड़क डली है तथा इस मार्ग की वर्तमान हालत भी ऐसी नहीं थी कि यहां पेंचवर्क भी किया जाए। लेकिन यह सब जानने के बावजूद पीडब्ल्यूडी द्वारा डामर सड़क डाल दी गई है। इस नवनिर्मित सड़क को देखकर मार्ग से निकलने वाला हर शख्स आश्चर्यचकित है। उसे समझ नहीं आ रहा है कि कैंट क्षेत्र सहित शहर में ऐसे कई इलाके व प्रमुख मार्ग हैं, जिनकी हालत बहुत खराब है। वास्तव में यहां सड़क निर्माण की जरूरत है।
बता दें कि हाल ही में कलेक्टर फ्रेंक नोबल ए ने समीक्षा बैठक के दौरान नगर पालिका व पीडब्ल्यूडी को निर्देश दिए थे कि बारिश से शहर की कई सड़क क्षतिग्रस्त हो गई हैं। आमजन को आवागमन में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। जल्द से जल्द सड़क निर्माण शुरू किया जाए। कलेक्टर के आदेश से सड़क निर्माण और पेंचवर्क का कार्य जिस स्थान से शुरू किया गया है, उसी को लेकर विवाद की स्थिति बन गई है। क्योंकि यह स्थान नगर पालिका के सीएमओ का सरकारी आवास है। जिसके ठीक सामने गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल है। इस मार्ग पर पहले से ही सीसी सड़क है। जो पूरी तरह से ठीक हालत में है। यानी कि इस मार्ग पर पेंचवर्क तो क्या एक या दो गड्ढे भरने की भी जरूरत नहीं थी। क्योंकि इस मार्ग पर ढलान है तथा दोनों ओर बड़ी नालियां हैं। इस वजह से शहर का यह एक मात्र ऐसा इलाका है जिसे अब तक बारिश से कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। ऐसी स्थिति होने के बाद भी सीसी सड़क पर डामर सड़क डालकर जो बजट ठिकाने लगाया गया है, उसे देखकर आमजनता में तीखी प्रतिक्रिया है।
रविवार को जब सीएमओ बंगले के सामने वाले मार्ग पर डामर सड़क डाली जा रही थी तो इसे देखकर कई नागरिकों ने पत्रिका को फोन कर सड़क निर्माण की जानकारी दी। साथ ही बजट के दुरुपयोग पर भी अपनी शिकायत दर्ज कराई है। जिसके बाद पत्रिका टीम मौके पर पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। गर्ल्स स्कूल के मुख्य द्वार से लेकर पीएचई की टंकी तथा मौसम विभाग कार्यालय के पास तक डामर सड़क बिछाई जा चुकी थी। जिसकी गुणवत्ता भी साफ स्पष्ट हो रही थी कि यह पेंचवर्क ज्यादा दिन नहीं चल पाएगा। क्योंकि कार्य के दौरान न तो आवागमन को बंद किया गया और न ही गिट्टी के ऊपर डामर को पर्याप्त व ठीक ढंग से डाला गया है। सड़क डलने के साथ ही साइडों में गिट्टी उखड़ने लगी थी।
-

वास्तविक रूप से यह डलना थी सड़क
नई सड़क निर्माण और पेंचवर्क की बात करें तो शहर में ऐसे कई इलाके हैं। लेकिन यदि नगर पालिका ने इस काम की शुरूआत कैंट क्षेत्र से की है तो इसी इलाके में सबसे ज्यादा जर्जर मार्ग कैंट थाने के पीछे पुलिस लाइन एरिया में तथा अपना घर आश्रम तक की रोड है। जो करीब पांच साल से नहीं डली है। कैंट थाने से होकर र्जा मार्ग गया है वह सीधे एबी रोड नानाखेड़ी मंडी तक जाने वाला शॉर्ट कट मार्ग है। इस इलाके में कई सरकारी और निजी विद्यालय हैं। इसलिए प्रतिदिन छोटे बच्चों से लेकर बड़ों को स्कूल जाना होता है। साथ ही गुना के आसपास के गांव तथा अशोक नगर की तरफ से आने वाले वाहन सीधे हनुमान चौराहा न जाकर इसी मार्ग से एबी रोड पर पहुंच जाते हैं। खासकर किसान अपनी ट्रेक्टर ट्रॉली लेकर फसल बेचने मंडी में जाते हैं। इसके अलावा पुलिस लाइन क्षेत्र में काफी परिवार रहते हैं। वन स्टॉप सेंटर के अलावा दिव्यांगों ेके लिए पुनर्वास केंद्र भी हैं। जहां अक्सर दिव्यांगों को आना होता है लेकिन मार्ग की हालत को देखते हुए उनका यहां पहुंचना बहुत मुश्किल हो रहा है। कुल मिलाकर मार्ग की वास्तविक स्थिति को देखते हुए सड़क निर्माण सबसे पहले यहां जरूरी है।