
चोरों का जब्त माल दिखाती ग्वालियर पुलिस।
ग्वालियर। जीवाजीगंज स्थित हिंदुस्तान यूनिलीवर एजेंसी से 18 लाख रुपए की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। लश्कर पुलिस और क्राइम ब्रांच ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है, इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 15 लाख 40 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में चोरी की रकम के बंटवारे का ऐसा तरीका सामने आया है, जिसमें गिरोह के सदस्यों की हिस्सेदारी उनकी भूमिका, चोरी के अनुभव और पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर तय की गई।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सरगना भारत उर्फ भूरा जाटव और विवेक यादव पुराने और शातिर चोर हैं। दोनों के खिलाफ चोरी सहित 10 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। यही वजह रही कि 18 लाख रुपए की चोरी में दोनों ने सबसे बड़ा हिस्सा रखा। पुलिस के मुताबिक, दोनों गैंगलीडरों ने 6-6 लाख रुपए अपने पास रखे। बाकी रकम में से गिरोह के अन्य सदस्यों को उनकी भूमिका के अनुसार हिस्सा दिया गया।
पुलिस के अनुसार, चोरी की पूरी रकम में से 15.40 लाख रुपए बरामद हो चुके हैं। शेष रकम और चांदी के सिक्के की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पटेल नगर निवासी कारोबारी संजय बंसल की जीवाजीगंज स्थित एजेंसी में गिरोह ने चोरी के लिए दो बार प्रयास किया। पहला प्रयास रात करीब 9 बजे किया गया। उस समय गिरोह के जूनियर सदस्य जितेन्द्र, जोगेंद्र और नाबालिग एजेंसी के ताले तोड़ने पहुंचे थे। ताला तोड़ने के दौरान हुई खटपट की आवाज सुनकर संजय बंसल परिवार के साथ एजेंसी पहुंच गए।
मालिक को आता देखकर तीनों चोर पास की सब्जी मंडी में जाकर छिप गए। कुछ देर बाद जब व्यापारी एजेंसी से लौटकर घर चले गए तो गिरोह ने दोबारा वारदात की योजना बनाई।
रात करीब 2.30 बजे भारत और विवेक एजेंसी पहुंचे। दोनों ने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद तिजोरी और पूजा स्थान पर रखी तीन दिन की बिक्री की रकम, करीब 18 लाख रुपए, समेट ली। चोरों ने वहां रखा चांदी का सिक्का भी लिया और मौके से फरार हो गए।
वारदात के बाद लश्कर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने जीवाजीगंज और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में भारत जाटव और विवेक यादव के चेहरे नजर आए। पुलिस ने दोनों के फुटेज का पुराने अपराधियों के रिकॉर्ड से मिलान किया। पहचान होने के बाद टीम ने दबिश देकर दोनों को पकड़ा और पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब बरामद 15.40 लाख रुपए के अलावा शेष रकम और चोरी किए गए चांदी के सिक्के की बरामदगी के लिए आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि गिरोह ने शहर में इससे पहले कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।
किरण अहिरवार, सीएसपी, लश्कर सर्किल, ग्वालियर ने बताया कि जीवाजीगंज स्थित एजेंसी में चोरी करने वाले पांच आरोपियों, जिनमें एक नाबालिग शामिल है, को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से 15.40 लाख रुपए नकद बरामद हुए हैं। शेष रकम और चांदी के सिक्के की बरामदगी के लिए पूछताछ जारी है।
Updated on:
13 Aug 2026 07:33 pm
Published on:
13 Aug 2026 07:33 pm
