
ग्वालियर। नोएडा से मामा की शादी में शामिल होने आई तीन साल की मासूम सोना को टेंपो ने कुचल दिया। वह मां और मौसी के साथ मामा की लगुन और बारात के लिए खरीदारी करने बुधवार को हजीरा के बाजार में गई थी। भीड़ भरे बाजार में टेंपो चालक ने जल्दबाजी में निकलने की कोशिश में मां,बेटी को टक्कर मार दी,जिससे सोना के सिर और चेहरे पर गहरी चोटें आईं। ८ घंटे तक चिकित्सकों ने उसे बचाने की कोशिश की,लेकिन देर रात उसने दम तोड़ दिया। उसकी मौत से शादी की खुशियों में मातम छा गया। गिरीश पाल निवासी बीना ने बताया न्यू नरसिंह नगर निवासी राजेन्द्र पुत्र लाल सिंह पाल की २९ अप्रैल को शादी है उसकी बारात मोंठ जाना है।
यह भी पढ़ें : सीजन का सबसे गर्म रहा यह शहर,अब रात में भी बढ़ेगा पारा
भाई की शादी में शामिल होने ज्योति पत्नी शिशुपाल निवासी नोएडा, बेटे पियूष (५) और बेटी सोना (३) के साथ आई थीं। शुक्रवार को भाई की लगुन थी। इसके लिए ज्योति और छोटी बहन राखी को कपड़े,गहने और चूडिय़ां खरीदना थीं, इसलिए दोनों बुधवार को बाजार गईं थीं। ज्योति बेटे और बेटी को साथ ले गईं। तानसेन मकबरे के पास दुकान पर खड़ी थीं तभी टेंपो (एमपी ०७ आर २३२२) ने तेज स्पीड में ज्योति में टक्कर मार दी, सोना उनकी गोद में थी, टक्कर लगने पर वह गोद से उचट कर बाजू में खड़े ठेले पर मुंह के बल गिरी। चालक ने फिर भी टेंपो नहीं रोका और ज्योति का पैर कुचल कर ठेले में जा घुस गया। ड्राइवर ने भागने की कोशिश की, लेकिन पब्लिक ने दबोच लिया। लोग दोनों मासूम को निजी अस्पताल ले गए, जहां रात करीब डेढ़ बजे उसने दम तोड़ दिया।
शादी में सजने की थी तमन्ना
मासूम सोना की दर्दनाक मौत से पाल परिवार में मातम पसर गया है। परिजन कहते हैं मामा की शादी में शामिल होने के लिए सोना बहुत उत्साहित थी। उसने पसंद के कपड़े खरीदे थे। बार-बार पूछती थी कि शादी कब होगी,उसे सजकर बारात में जाना है। बेटी की मौत से मां ज्योति बेसुध है। जब होश में आती है तो यही पूछती है कि सोना कैसी है, उसे कुछ हुआ तो नहीं है।
यह भी पढ़ें : डॉक्टर की अभद्रता के खिलाफ सड़कों पर उतरी महिलाएं
खिलखिलाती हुई आई थी,रुला गई
राजेन्द्र पाल कहते हैं, सोना, मां और भाई के साथ शादी में शामिल होने के लिए हंसती खेलती आई थी। पूरे घर के लिए वह खिलौने की तरह थी। सबको रुला कर हमेशा के लिए चली गई।
ठेला तोड़कर घुसा टेंपो
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया, टेंपो ने ज्योति का पैर कुचलने के बाद, राखी को भी टक्कर मारी। ड्राइवर ने बे्रक लगाए होते तो मासूम बच जाती। दोनों टक्कर मारने के बाद टेंपो ठेला भी तोड़ दिया।
अब क्या शादी, क्या जश्न: नातिन की मौत से दुखी राजवीर पाल कहते हैं, अब क्या शादी, क्या जश्न। टेंपो चालक ने उनके परिवार की खुशियां छीन लीं। वह चालक को कभी माफ नहीं करेंगे।
ड्राइवर पकड़ा, पुलिस ने छोड़ा: परिजन का आरोप है पुलिस ने चालक को भगा दिया। पब्लिक ने मौके पर चालक को पकड़ा और थाने ले गए, लेकिन पुलिस ने उसे छोड़ दिया। सोना की मौत की सूचना मिलने पर भी ग्वालियर पुलिस एफआइआर करने में आनाकानी करती रही। देर रात कार्रवाई हुई।
बेकार गई पुलिस की नसीहत: इन दिनों यातायात सप्ताह में पुलिस वाहन चालकों को ट्रैफिक रुल्स के तहत ड्राइविंग की नसीहत दे रही है, लेकिन उसकी समझाइश का कोई असर नहीं है। दर्दनाक हादसे से कुछ देर पहले ही पुलिस अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था को सुधारने जोर शोर से प्लानिंग की थी।
"टेंपो चालक को पब्लिक पकड़ कर थाने नहीं लाई है। टेंपो जब्त किया है, आरोपी को तलाशा जा रहा है।"
एमएम मालवीय, ग्वालियर टीआइ
Published on:
27 Apr 2018 06:01 pm
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
