
ग्वालियर. अगले 25 साल में शहर की आबादी 26.49 लाख के करीब होगी। इससे शहर पर जनसंख्या का दबाव बढ़ेगा और अधिक संसाधनों की आवश्यकता होगी। इसे ध्यान में रखते हुए विभिन्न योजनाओं के तहत 2051 तक के विकास की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। शहर पर बढ़ी हुई आबादी का अधिक दबाव न पड़े, इसके लिए तिघरा के पास एक नया शहर बसाने की प्लानिंग की जा रही है। साथ ही पेयजल की जरूरत पूरी करने चंबल से पानी लाने के साथ तिघरा के पास एक और 56 एमएलडी का प्लांट बनाने की योजना है।
जनसंख्या बढ़ने पर वाहन बढ़ेंगे, इससे प्रदूषण बढ़ने की आशंका को देखते हुए 12 स्थानों पर स्मॉग टावर लगाकर प्रदूषण नियंत्रित किया जाएगा। सुगम यातायात एवं पब्लिक ट्रांसपोर्ट के प्लान के लिए अर्बन मॉस ट्रांजिट कंपनी लिमिटेड ने प्रदेश के ग्वालियर, इंदौर, भोपाल एवं जबलपुर शहर का चयन किया है, इसके लिए बीते महीने प्रेजेंटेशन दिया गया था। इसके अलावा ग्रीन फील्ड सिटी के लिए भी शहर का चयन किया जा चुका है।
1000 करोड़ में बसाया जाएगा नया शहर
शहर में 25 साल बाद जनसंख्या, विकास कार्य व यातायात प्रबंधन को देखते हुए 15वें वित्त आयोग द्वारा ग्रीन फील्ड सिटी योजना के तहत तिघरा के पास एक नया शहर बसाया जाएगा। इसके लिए केंद्र सरकार की ओर से एक हजार करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इस योजना में प्रदेश से ग्वालियर सहित 8 शहरों का चयन किया गया है।
80 सड़कें होंगी चौड़ी, बनाई जाएंगी पार्किंग
मास्टर प्लान-2035 के तहत शहर की 80 सड़कों को चौड़ा किया जाएगा। शहर में पार्किंग की संख्या बढ़ाई जाएगी और सभी भवन एक सीध में दिखाई देंगे। नदी नालों के दोनों ओर निर्माण की परमिशन और स्वर्ण रेखा नदी व मुरार नदी के दोनों किनारों पर 12-12 मीटर की चौड़ी सड़कें प्रस्तावित हैं।
2051 तक 466 एमएलडी पानी की होगी जरूरत
2051 तक शहर की आबादी 26.41 लाख होगी। इस आबादी के लिए साल में 466 एमएलडी पानी की जरूरत होगी। इसके लिए चंबल नदी से पानी लाया जाएगा, जिसकी स्वीकृति मिल चुकी है। जल्द ही इस योजना पर कार्य भी शुरू होने जा रहा है। साथ ही अमृत योजना फेज-2 के तहत तिघरा के पास एक और 56 एमएलडी का प्लांट बनाया जाएगा।
शहर में जनसंख्या बढ़ने के साथ ही वाहनों की संख्या व प्रदूषण को कम करने के लिए 12 स्थानों पर स्मॉग टावर लगाए जाएंगे। यह स्मॉग टावर गोला का मंदिर चौराहा, हजीरा, डीडी नगर, फूलबाग, पड़ाव, महाराज बाडा, इंदरगंज, मुरार व बारादरी चौराहा पर लगाए जाएंगे। इसके अलावा शहर में 10 स्थानों पर इलेक्ट्रिक वाहनों को चार्ज करने के लिए चार्जिंग स्टेशन भी बनाए जाएंगे।
आने वाले समय में काफी बदलाव होगा
शहर में तेजी से बढ़ रही जनसंख्या को ध्यान में रखकर लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। कई कार्यों के लिए सर्वे भी हो चुका है। ग्रीन फील्ड, मास्टर प्लान, अर्बन मॉस ट्रांजिट व 15वें वित्त सहित कई योजनाओं के तहत आने वाले समय में ग्वालियर में काफी बदलाव होगा।
वीके शर्मा, संयुक्त संचालक, टीएनसीपी, ग्वालियर
ग्रीन फील्ड सिटी के सर्वे के लिए दो को आएगी टीम
ग्रीन फील्ड सिटी के सर्वे के लिए दो नवंबर को केंद्र की चार सदस्यीय टीम आ रही है। यह टीम तीन दिन रुककर तिघरा डैम सहित शहर के आसपास सर्वे करेगी और नया शहर बसाने की संभावनाएं तलाशेगी।
Published on:
31 Oct 2022 09:47 pm

बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
