
एसी फेल यात्रियों ने किया हंगामा, पांच बार चेन पुलिंग
ग्वालियर. भीषण गर्मी में आए दिन किसी न किसी ट्रेन में एसी फेल होने की समस्या आ रही है। रविवार को भी भोपाल से आने वाली एपीएसी का एसी फेल होने से यात्रियों को परेशान होना पड़ा। रविवार को दिन में अधिक गर्मी होने के कारण तापमान बढ़ा हुआ था। ऐसे में दोपहर 1.40 बजे के आसपास ट्रेन प्लेटफॉर्म दो पर जैसे ही आई। यात्रियों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। इस ट्रेन के बी- 1 से बी-4 और बी- 6 का एसी खराब था। इन कोचों की हालात यह थी कि गर्मी के मारे यात्री पसीना-पसीना हो रहे थे। एसी खराब होने के बाद जैसे ही ट्रेन अपने समय से चलने लगी वैसे ही ट्रेन में सवार यात्रियों ने चेन पुलिंग करके ट्रेन को रोक लिया। जैसे तैसे ट्रेन दोबारा चलने को तैयार हुई तो फिर से यात्रियों ने चेन पुलिंग कर दी। इसके बाद तो यात्रियों ने रेलवे प्रशासन को कोसते हुए हंगामा कर दिया। इसकी सूचना मिलते ही आरपीएफ टीआई आनंद पांडेय मौके पर पहुंचे, लेकिन यात्री किसी भी सूरत में नहीं माने और यात्रियों ने पांच बार ट्रेन में चेन पुलिंग करके ट्रेन नहीं चलने दी। इस बीच ट्रेन लगभग बीस से 25 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही। इसके बाद यात्रियों को समझाया गया कि एसी को अब आगरा में ही ठीक कराया जाएगा। इस बीच यात्री नहीं माने कई यात्री ट्रेन से बाहर आ गए। इसके बाद जैसे तैसे ट्रेन को आगरा के लिए रवाना किया गया।
Published on:
10 Jun 2019, 7:01 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.