
ग्वालियर. भारती जनता पार्टी आज से राजमाता विजयाराजे सिंधिया की जन्मशती वर्ष मनाएगी। राजमाता सिंधिया का आज 100 वां जन्मदिन है। भाजपा एक साल तक देशभर में राजमाता विजयाराजे सिंधिया की याद में कार्यक्रम आयोजित करेगी। इसकी शुरुआत ग्वालियर में मैराथन दौड़ के साथ होगी। जिसमें देशभर से धावक शामिल होंगे। विजयाराजे सिंधिया के समाधि स्थल अम्मा महाराज की छतरी पर सुबह से कार्यक्रम शुरू हो जाएंगे। सीएम शिवराज सिंह चौहान खुद कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। उनके साथ केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और राजमाता विजया राजे सिंधिया की बेटी यशोधरा राजे सिंधिया भी मौजूद रहेंगे।
राजमाता की याद में हो रही इस रेस में देशभर के150 धावक शामिल होंगे। ये रेस राजस्थान और उत्तरप्रदेश से गुजरेगी। राजस्थान में धावकों का स्वागत मुख्यमंत्री और विजयाराजे की बेटी वसुंधरा राजे करेंगी। 16 अक्टूबर को मैराथन का समापन दिल्ली में होगा। इस रैली के माध्यम से पार्टी यह बताने की कोशिश करेगी कि मोदी सरकार वास्तव में महिलाओं की कितनी हितैषी है और महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए योजनाएं चला रही है।
चुनाव में हो सकता है फायदा: रैली की शुरुआत 12 अक्टूबर को ग्वालियर से होगी और यह 16 अक्टूबर को दिल्ली में खत्म होगी। यह मैराथन पांच राज्यों, मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली से होकर गुजरेगा. इनमें से एमपी और राजस्थान में विधानसभा चुनाव होने हैं। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान इन तीनों राज्यों से ही विजयाराजे का सीधा रिश्ता रहा है। राजघराने की 'राजमाता' होने के साथ-साथ विजयाराजे बीजेपी के संस्थापक सदस्यों में से एक रही हैं। वहीं, विधानसभा चुनावों में कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के असर को भी कम करने की कोशिश होगी।
अमित शाह भी होंगे शामिल: ददिल्ली में 16 अक्टूबर को इसका समापन होगा, जहां बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह रिले—मैराथन का स्वागत करेंगे। उसके बाद तालकटोरा स्टेडियम में एक भव्य कार्यक्रम होगा। इसके साथ ही पार्टी कमल शक्ति संवाद कार्यक्रम भी शुरू कर रही है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री उमा भारती, स्मृति ईरानी, निरंजन ज्योति और सांसद मीनाक्षी लेखी सहित बीजेपी महिला मोर्चा अध्यक्ष विजया राहतकर शामिल होंगी। उमा भारती सागर में, स्मृति ईरानी इंदौर, मीनाक्षी लेखी जबलपुर, निरंजन ज्योति छिंदवाड़ा, सरोज पांडेय उज्जैन और रीता बहुगुणा रीवा में महिलाओं से बात करेंगी।
Published on:
12 Oct 2018 10:45 am
