
लंदन के गरीब परिवार में जन्मा चर्ली बन गया दुनिया का सितारा
ग्वालियर.
लंदन में एक गरीब परिवार में जन्मा चार्ली चैपलिन दुनिया का सितारा बन गया। उनके एक अच्छे अभिनेता बनने के पीछे बहुत संघर्ष है। उनकी निजी जिंदगी में बहुत से उतार चढ़ाव रहे। नाटक ‘अ लेटर फ्रॉम सिडनी’ के माध्यम से 20 कलाकारों ने इसी जर्नी को दिखाने का प्रयास किया। नाटक का मंचन शनिवार को तानसेन कलावीथिका में समर्पण थियेटर आट्र्स की ओर से हुआ। इस नाटक के लेखक व निर्देशक प्रमोद पाराशर हैं। चार्ली का रोल 4 कलाकारों ने किया, वे अपनी एक्टिंग से ऑडियंस को बांधने में सफल रहे।
मां के जाने की खबर सुन चर्ली चला जाता है फ्लैशबैक में
नाटक की शुरुआत चार्ली चैपलिन की ‘द सर्कस’ शूटिंग से होती है। इसी दौरान चार्ली को उसके भाई सिडनी का एक लेटर आता है। इस लेटर में सिडनी कहता है कि मां हमें छोडकऱ चली गई है। यहीं से चार्ली का जीवन फ्लैशबैक में चला जाता है और उसे अपने बचपन की घटनाएं याद आने लगती है कि कैसे वह जब 5 साल का था तब उसकी मां मंच पर गाने गाती थी, एक दिन अचानक मां का गला खराब हो गया। सब लोग मां को कोसने लगे। 5 साल का छोटा चार्ली मंच पर चढ़ गया और गाना गाने लगा और क्लब में बैठे सभी लोग झूमने लगे। यह चार्ली के जीवन का पहला अभिनय था।
मैक सीनेट देता है चार्ली को फिल्मों में ब्रेक
फिर चार्ली म्यूजिक हॉल स्केचेस के बेताज बादशाह फ्रेड कार्नो से मिलता है और यहां से उसका थिएटर का सफर शुरू होता है। उसके बाद उसे अपने जीवन का पहला प्यार हेटी मिलती है, जो फ्रेड कार्नो के थिएटर में बतौर डांसर काम करती है। वह उसे शादी के लिए प्रपोज करता है, लेकिन उम्र कम होने के कारण हेटी मना कर देती है। चार्ली उसे आजीवन याद करता रहता है। चार्ली जीवन में आगे बढ़ता है और कीस्टोन फिल्म कंपनी के मालिक मैक सीनेट की नजर चार्ली पर पड़ती है। वह चार्ली को फिल्मों में ब्रेक देता है। यहां से चार्ली का फिल्मों का कभी ना रुकने वाला सफर शुरू होता है और चार्ली एक दो साल में ही फिल्मी दुनिया का चमकता सितारा बन जाता है।
महात्मा गांधी से प्रेरित होकर चार्ली बनाता है फिल्म ‘मॉडर्न टाइम्स’
चार्ली चैपलिन लंदन में महात्मा गांधी से मिलते हैं और उनके वक्तव्य से प्रेरित होकर ‘मॉडर्न टाइम्स’ फिल्म बनाते हैं, जिसमें वह मशीनी व्यवस्था का विरोध करते नजर आते हैं और अंत में चार्ली चैपलिन को ऑस्कर का लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार मिलता है और यहां एक बूढ़ा चार्ली आकर दर्शकों को थैंक यू बोलता है।
इन्होंने निभाया किरदार
चार्ली का रोल अभि सिसोदिया, प्रमोद पाराशर, नेहा पांडेय और अशोक सेंगर ने निभाया। इसी प्रकार हेटी का अनुजा परिहार, मां का ज्योति अतरोलिया, बूढ़ी मां का तितिक्षा, ऊना का शिवानी, सिडनी का उपेन सिंह, मैक सीनेट का पुनीत, महात्मा गांधी का विकास त्यागी, हिटलर समर्थक का आदित्य अत्रे ने निभाया।
Published on:
12 Jun 2022 11:53 am
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
