
Good News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ग्वालियर में एम्स खोलने के लिए राज्य सरकार गंभीरता से पहल करेगी। साथ ही प्रदेश सरकार द्वारा प्रयास किए जाएंगे कि प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेज एम्स की तरह स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में सक्षम हों। वह पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी पर ग्वालियर में आयोजित तीन दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर के उदघाटन अवसर पर बोल रहे थे। स्वास्थ्य शिविर में बड़ी तादाद में मरीज इलाज कराने के लिए आए हैं।
एलएनआईपीई में एम्स के सहयोग से आयोजित हो रहे स्वास्थ्य शिविर के उदघाटन पर मुख्यमंत्री ने कहा, अटल बिहारी वाजपेयी जब देश के प्रधानमंत्री थे, तब उन्होंने दिल्ली के एम्स की तर्ज पर भोपाल सहित देश के अन्य राज्यों में एम्स खोलने की शुरूआत की थी। उसी भोपाल एम्स की टीम इस शिविर में जरूरतमंद मरीजों का इलाज करने आई है। यह अटलजी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने सांसद कुशवाह की सराहना की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा केन-बेतवा नदी जोड़ो राष्ट्रीय परियोजना का शुभारंभ कर अटल जी को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की गई है। मध्यप्रदेश पहला राज्य है जो नदी जोड़ो अभियान को सबसे पहले मूर्तरूप देकर अटलजी के सपने को साकार कर रहा है।
विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा, अटलजी ने देशभर में एम्स का विस्तार करने का जो निर्णय लिया था, उसका फायदा आज ग्वालियर व चंबल सहित अन्य समीपवर्ती जिलों के निवासियों को मिल रहा है, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के जो मरीज दिल्ली व भोपाल जाकर एम्स या अन्य बड़े अस्पतालों में इलाज नहीं करवा पाते हैं, उनका इलाज करने के लिए एम्स भोपाल ग्वालियर आया है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, ग्वालियर की माटी के सपूत अटलजी ने देश का नेतृत्व कर पूरी दुनिया में ग्वालियर का नाम रोशन किया।
सांसद भारत सिंह कुशवाह ने कहा, सांसद के रूप में निर्वाचित होने के बाद उनके सामने सबसे अधिक सिफारिशें एम्स में भर्ती कराने को लेकर आ रहीं थीं। इस शिविर में ग्वालियर-चंबल संभाग के सभी जिलों सहित मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश व राजस्थान के समीपवर्ती जिलों के मरीजों को लाभ मिल रहा है। उल्लेखनीय है इस शिविर में 40 हजार मरीजों ने पंजीयन कराया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शिविर का जायजा भी लिया। उन्होंने विभिन्न काउंटरों पर जाकर एम्स के चिकित्सकों से मुलाकात की। साथ ही मरीजों से मिलकर उनके हालचाल जाने। उन्होंने लीवर की बीमारी से पीडि़त बाबूलाल को आश्वस्त किया कि आप चिंता न करें एम्स के चिकित्सक आपका हर संभव इलाज करेंगे।
बुधवार को विभिन्न बीमारियों से ग्रसित लगभग 13 हजार 800 मरीजों का एम्स के चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही उन्हें नि:शुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य परिसर में ईको, ईसीजी, अल्ट्रासाउण्ड व लीवर की जांच सहित अन्य प्रकार की बीमारियों की पैथोलॉजिकल जांच भी की जा रही है। शिविर में अब तक लगभग 40 हजार मरीज पंजीकृत हो चुके हैं। यह शिविर 26 व 27 दिसम्बर को भी सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जारी रहेगा।
शिविर में पंजीकृत मरीजों की भीड़ सुबह से एलएनआईपीई परिसर में लग गई थी। व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस बल को तैनात कर दिया था। शाम को सीएम के आने के दौरान भी भीड़ बढ़ गई तो मुख्य गेट को पूरी तरह से बंद कर दिया गया। मरीजों की भीड़ देर शाम तक लगी रही।
स्वास्थ्य शिविर के उदघाटन कार्यक्रम में मुरैना सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, भाजपा के संगठन मंत्री हितानंद शर्मा, विधायक मोहन सिंह राठौर, पूर्व सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गेश जाटव व उपाध्यक्ष प्रियंका सिंह, सीताराम बाथम, जिलाध्यक्ष अभय चौधरी व ग्रामीण कौशल शर्मा, आशीष अग्रवाल, जयसिंह कुशवाह, एम्स के निदेशक प्रो. अजय सिंह आदि उपस्थित रहे।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
26 Dec 2024, 8:33 AM IST
Published on:
26 Dec 2024, 8:33 AM IST
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़




