15 जुलाई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

MAHRAJA BADA : फुटपाथ पर फिर कब्जे के प्रयास में हॉकर, पब्लिक ने कहा- वहां पर पार्किंग बना दो

MAHRAJA BADA : फुटपाथ पर फिर कब्जे के प्रयास में हॉकर, पब्लिक ने कहा- वहां पर पार्किंग बना दो
3 min read
Google source verification
encroachment free maharaja bada in gwalior

MAHRAJA BADA : फुटपाथ पर फिर कब्जे के प्रयास में हॉकर, पब्लिक ने कहा- वहां पर पार्किंग बना दो

ग्वालियर . नजरबाग और सुभाष मार्केट के सामने से फुटपाथ बाजार हटा तो दिया गया है, लेकिन खाली जगह को किस काम में इस्तेमाल किया जाए फिलहाल कोई प्लान सामने नहीं आया है। उधर बाड़ा आने वाले लोग कह रहे हैं कि दोनों बाजार के सामने पर्याप्त जगह है अगर इसमें वाहन पार्किंग कर दी जाए तो खरीदारी के लिए बाड़ा आने वालों को गाड़ी खड़ी करने के लिए जगह मिल जाएगी। गेंद अब नगर निगम के पाले मे हैं। विभाग के लोगों का कहना है कि खाली कराई जगह पर क्या करना है फैसला नगर निगम कमिश्नर संदीप माकिन करेंगे, वह शहर के बाहर है। सोमवार को उनकी वापसी के बाद ही प्लान तय होगा। उधर फुटपाथ से खदेडे गए कारोबारी कंपू हॉकर जोन में जाने के लिए तैयार नहीं है।

फुटपाथ बाजार की नेतागिरी करने वाले जमीन पर दुकान लगाने वालों को अब भी दिलासा दे रहे कि चिंता मत करो, दोबारा इसी जगह पर फुटपाथ बाजार लगवाएंगे। रविवार को इन लोगों की जमात नगर निगम के पुराने ऑफिस की सीढिय़ों पर मंथन करती रही। रणनीति बनी कि थोड़ा बहुत सामान लेकर एक दो दुकानें लगाते रहो। पुलिस और नगर निगम के लोग आते दिखे तो सामान उठाकर भाग जाएंगे।

विधायक से मिलने का बना रहे प्लान
फुटपाथ पर कारोबार करने वालों ने तय किया है सोमवार को विधायक प्रवीण पाठक के पास जाकर उनसे दोबारा यहां बाजार लगवाने के लिए कहेंगे। उधर खाली जगह पर दोबारा फुटपाथी नहीं बैठ जाएं इसलिए पुलिस और नगरनिगम भी निगरानी में जुटे हैं।

बेरिकेड्स लगाकर वाहनों को किया जाए सुरक्षित, खरीदारी करने वालों को नहीं होगी समस्या
बाड़े पर तो हर शख्स का आना जाना रहता है। वहां बड़ी परेशानी गाड़ी खड़ी करने की है। क्योंकि जो पार्किंग है उसमें तो ज्यादातर बाड़े के दुकानदरों की गाडिय़ां ही खड़ी रहती हैं। अब प्रशासन ने नजरबाग और सुभाष मार्केट के सामने की जगह खाली कराई है। इसमें बेरिकेड्स लगाकर अगर पार्किंग बना दी जाए तो इन बाजार में लोगों को जाने लायक रास्ता भी मिलेगा इसके अलावा बाड़े पर खरीदारी करने आने वालों की गाड़ी खड़ी करने की समस्या भी दूर होगी।
एजाज खां जिम ट्रेनर, बहोड़ापुर

सबसे बड़ी परेशानी गाड़ी खड़ी करने की है
बाड़े पर लोगों के लिए बड़ी परेशानी गाड़ी खड़ा करना है। महारानी स्कूल में वाहन पार्किंग बनाई गई है, लेकिन अब सुभाष मार्केट और नजरबाग के सामने से फुटपाथ बाजार को हटाकर प्रशासन ने रास्ता साफ कर दिया है तो इस जगह का इस्तेमाल भी होना चाहिए। यहां पार्किंग बनाई जाए। जिससे बाड़े पर आने वालों की बड़ी परेशानी दूर होगी और दोबारा इस जगह पर जमीन पर फुटपाथ बाजार भी नहीं लगेगा।
लक्ष्मणदास बत्रा, सराफा कारोबारी मुरार

गोरखी स्कूल भी एक ऑप्शन हो सकता है
पार्किंग पूरे शहर की समस्या है, खासकर बाड़े पर तो लोग इसलिए जाने से ही कतराने लगे हैं कि वहां वाहन पार्क करने की जगह नहीं है। ज्यादातर नजरबाग वाली पार्किंग फुल ही रहती है। वाहन चालकों को परेशान होना पड़ता है। प्रशासन चाहे तो गोरखी परिसर और गजराराजा स्कूल में पार्किंग का इंतजाम कर सकता है। वैसे नजरबाग, सुभाष मार्केट के सामने से फुटपाथ बाजार हटाकर जो जगह खाली कराई है उसमें पार्किंग होना चाहिए। इससे बाड़े आने वालों को सहूलियत होगी।
विनोद अष्टैया, गेंडेवाली सडक़

हमेशा सोचना पड़ता है गाड़ी पार्क कहां करें
बाड़ा खरीदारी करने जाओ तो हमेशा सोचना पड़ता है कि गाड़ी कहां पार्क करें। पार्किंग में जगह नहीं मिलती है तो वाहन इधर उधर लगाने में उसके चोरी होने का डर रहता है या फिर यातायात पुलिस उठा ले जाती है। बाड़े की बड़ी जरूरत वाहन पार्किंग की जगह है। अब फुटपाथ बाजार को हटाकर जगह बनाई है तो इसमें इस तरह वाहन पार्किंग होना चाहिए कि बाजार में आने जाने वालों को रास्ता भी मिले और वाहन भी पार्क हो सकें। प्रशासन और निगर निगम को इस ओर ध्यान देना चाहिए।
रविन्द्र सिंह गुर्जर इंदरगंज