
अतिक्रमण करने से सकरी हो गईं गलियां, फुटपाथिये ही नहीं दुकानदारों ने भी 3 फीट निकालीं दुकानें
ग्वालियर . शहर के हृदय स्थल महाराज बाड़ा पर गत दिवस नगर निगम के मदाखलत विभाग ने नजर बाग मार्केट और सुभाष मार्केट में बैठने वाले फुटपाथियों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें तो हटा दिया लेकिन दुकानदारों के अतिक्रमण को नहीं हटाया। दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण के कारण जरा सा रास्ता बचता है जिसमें से लोगों को गुजरने में भी परेशानी होती है।
नजर बाग मार्केट और सुभाष मार्केट में दुकानदारों ने ही अतिक्रमण कर लिया है। अधिकतर दुकानदारों ने 2 से 3 फीट तक अपनी दुकानें बाहर निकाल रखी हैं। इनमें से कई लोग ऐसे हैं जिनकी दुकान तो है ही साथ ही दुकान के पास ही बक्सा भी रखा होता है। जिसमें सामान भरा रहता है और यहां एक लडक़ा तैनात रहता है। ऐसे में दुकान के साथ ही फुटपाथ पर भी इनका कब्जा रहता है। गत दिवस कार्रवाई के दौरान नगर निगम के मदाखलत विभाग ने फुटपाथियों का सामान तो जब्त कर लिया लेकिन दुकानों के बाहर रखे बॉक्स नहीं उठाए। दुकानदारों ने इन्हें आसानी से उठाकर दुकानों के पास रख लिए।
महाराज बाड़ा स्थित नजर बाग और सुभाष मार्केट में स्थित दुकानों के लिए जो जगह फिक्स है सभी ने उससे अधिक अतिक्रमण कर लिया है। जिसके कारण यहां से लोगों को निकलने में हमेशा ही परेशानी बनी रहती है। रविवार को फुटपाथिए नहीं थे फिर भी मार्केट में लोगों को गुजरने के लिए पर्याप्त जगह नहीं थी। नगर निगम द्वारा जब तक इन दुकानदारों का अतिक्रमण नहीं हटाया जाता तब तक लोगों की परेशानी दूर नहीं होगी। भीड़ का फायदा असामाजिक तत्व भी उठा लेते हैं। गत दिवस ही एक नर्सिंग कॉलेज की छात्रा का पर्स निकाल लिया था। इस तरह की घटनाएं आम बात हैं।
अब दुकानदारों की बारी
फुटपाथियों को हटाने की अभी कार्रवाई की गई है अब दुकानदारों की बारी है। इनके खिलाफ भी अभियान चलाया जाएगा और कार्रवाई की जाएगी। जिन्होंने अतिक्रमण किया है उनका सामान जब्त किया जाएगा।
नरोत्तम भार्गव, अपर आयुक्त नगर निगम
Published on:
22 Apr 2019 11:16 am
