ग्वालियर

पहली बार 1 जनवरी से लश्कर की डेयरियों में ₹ 2 लीटर महंगा होगा दूध

अभी लश्कर में 50 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है दूध, डेयरी संचालकों ने बैठक में लिया निर्णय

2 min read
Dec 30, 2022

ग्वालियर. पहली बार 1 जनवरी को लश्कर क्षेत्र की दूध डेयरियों पर बिकने वाला खुला दूध दो रुपए लीटर महंगा होने वाला है। अभी तक दूध के दामों में मार्च या अप्रैल में ही परिवर्तन किए जाते थे। कंपनियों में दूध की सप्लाई की अधिकता का हवाला देते हुए दूध डेयरी संचालक दूध के दामों में बढ़ोतरी कर रहे हैं, हालांकि इन दिनों दूध की आवक पहले की तरह हर रोज साढ़े चार लाख लीटर हो रही है। इसके साथ ही संचालकों का कहना है कि कंपनियों के और हमारे दूध के दामों में 16 रुपए प्रति लीटर का अंतर हो चुका है। दूध के दामों में बढ़ोतरी करने का निर्णय गुरुवार को दही मंडी में हुई बैठक में लिया गया। बैठक में दिलीप अग्रवाल, संतोष चौरसिया, परसराम गोयल, शिवकुमार गुप्ता, मनोज गोयल, वीरेन्द्र सेठी, वीरू यादव, आशीष पाल, अजय पाल अतुल गोयल आदि लोग उपस्थित थे।

दूध के दाम पहले से काफी कम

दूध डेयरी व्यवसायी संघ संपूर्ण भारत के राष्ट्रीय महासचिव नरेन्द्र मांडिल ने बताया कि दूध डेयरियों पर बिकने वाले खुले दूध के दाम कंपनियों के दाम से पहले से काफी कम हैं। बैठक करके निर्णय लिया गया है कि एक जनवरी से दूध डेयरियों पर दो रुपए लीटर की बढ़ोतरी की जाएगी। दूध उत्पादक भी लगातार मांग कर रहे हैं और आवक में भी कमी होने लगी है। आगे फरवरी और मार्च में भी दामों में बढ़ोतरी हो सकती है।

50 रुपए से बढ़कर 52 रुपए लीटर होंगे दाम

लश्कर क्षेत्र में दूध डेयरियों पर वर्तमान में दूध 50 रुपए लीटर बिक रहा है। 1 जनवरी से दाम बढ़ने के बाद ये दाम 52 रुपए प्रति लीटर हो जाएंगे। वहीं उपनगर ग्वालियर में दूध डेयरियों पर दाम 54 रुपए प्रति लीटर चल रहे हैं। यहां दूध डेयरी चलाने वाले प्रेमचंद अग्रवाल ने बताया कि हम अभी दाम नहीं बढ़ाएंगे क्योंकि दाम पहले से अधिक हैं। अब मार्च में ही दामों में बढ़ोतरी की जाएगी।

सांची भी कल से बढ़ाएगा दाम

ग्वालियर सहकारी दुग्ध संघ मर्यादित की ओर से दूध के दामों मेें 1 जनवरी से बढ़ोतरी की जाने वाली है। ग्वालियर दुग्ध संघ के सीइओ अनुराग सिंह सेंगर ने बताया कि सांची के फुल क्रीम दूध में दो रुपए और स्पेशल टी दूध में एक रुपए प्रति लीटर वृद्धि का प्रस्ताव भेजा गया था, जो महासंघ ने स्वीकृत कर दिया है। 1 जनवरी से दाम बढ़ाए जाएंगे। सांची दूध की रोजाना की खपत 25 हजार लीटर हो रही है।

Published on:
30 Dec 2022 05:54 pm
Also Read
View All

अगली खबर