13 जनवरी 2026,

मंगलवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

होम

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गोर-गोर गोमती, इसर पूजे पार्वती…

- सुहाग का प्रतीक गणगौर माता का पूजन सोलह शृंगार कर किया महिलाओं ने

2 min read
Google source verification
गोर-गोर गोमती, इसर पूजे पार्वती...

गोर-गोर गोमती, इसर पूजे पार्वती...

ग्वालियर. चैत्र शुक्ल तृतीया को किया जाने वाला गणगौर माता का पूजन महिलाओं ने शुक्रवार को किया। इसे गौरी तृतीया भी कहा जाता है। सोलह शृंगार और लहरिया पहनकर महिलाओं ने माता गणगौर की पूजा-अर्चना कर पति की दीर्घायु की कामना की। इसके लिए महिलाओं ने सुबह से उपवास रखा। गणगौर पूजन में महिलाओं ने जवारों का गौरी (पार्वती) और शिव (ईसर जी) का रूप में पूजन किया। गणगौर माता की पूजा में आटे व बेसन के मीठे-नमकीन गुने (फल) बनाकर उन पर चढ़ाए गए। कई घरों में मिट्टी से बने और पन्ने पर भी गणगौर की पूजा की गई। माता गौरी के समक्ष सुहाग की सामग्री कांच की चूडिय़ां, महावर, सिंदूर, टीका, मेंहदी, बिंदी आदि चीजें चढ़ाई। इस दौरान महिलाओं ने गोर-गोर गोमती, इसर पूजे पार्वती... कहते हुए हाथों में दूब और पानी से गणगौर माता को छींटे दिए। इसके बाद गणगौर माता को भोग लगाने के बाद महिलाओं ने एक-दूसरे को कहानी सुनाई। अधिकांश महिलाओं ने अपने-अपने घरों में ही गणगौर माता का पूजन किया। वहीं कई महिलाएं मंदिरों में सामूहिक रूप से पूजन करती हुई देखी गईं।

सनातन धर्म मंदिर में गणगौर मेले से पहले निकली शोभायात्रा
सनातन धर्म मंदिर के विद्यालय प्रांगण में गणगौर मेला और गणगौर माता का पूजन किया गया। इससे पूर्व राम मंदिर से गाजे-बाजे के साथ गणगौर माता की शोभायात्रा निकाली गई, जिसके सनातन धर्म मंदिर पहुंचने पर मुख्य पदाधिकारियों और मुख्य पुजारी रमाकांत शास्त्री ने अगवानी की। मेले में महिलाओं के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ खान-पान व मनोरंजन के स्टॉल लगाए गए थे। गणगौर माता विग्रह के रूप में कसेरा ओली स्थित चारभुजानाथ मंदिर से सनातन धर्म मंदिर पहुंची। इस मौके पर अध्यक्ष कैलाश मित्तल, प्रधानमंत्री महेश नीखरा, विमल माहेश्वरी, ओमप्रकाश गोयल, हरीशंकर सिंघल, राजेश गर्ग, अजय गुप्ता, मनोज सांघी आदि उपस्थित थे।

माहेश्वरी महिला मंडल ने किया गणगौर बिनौरा
माहेश्वरी महिला मंडल बिरला नगर की ओर से श्याम वाटिका में गणगौर महोत्सव एवं सामूहिक उद्यापन कार्यक्रम रखा गया था। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण गणगौर बिनौरा था, जिसमें परंपरागत रूप से सजी महिलाएं नाचते-गाते हुए चल रही थीं। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए और महिलाओं ने सामूहिक उद्यापन भी किया। कार्यक्रम में सविता पेड़ीवाल, राजेश्वरी लखोटिया, आरती माहेश्वरी, लता चांडक, उमेश होलानी, आरपी माहेश्वरी आदि उपस्थित रहे।

शोभायात्रा निकालकर किया 85 महिलाओं का सम्मान
श्री खाटू दरबार श्याम समिति एवं मारवाड़ी समाज की ओर से श्याम मंदिर बिरला नगर में गणगौर महोत्सव मेला लगाया गया। यहां से महिलाओं ने अपने सिर पर 16 दिन पूर्व बनाई गई गणगौर रखकर शोभायात्रा निकाली, जो जेसी मिल स्कूल परिसर पहुंची। रास्ते में ओडो कोडो बीरा रांवला री, राई चनन को रूख, ईश्वरदास घरां बधावान रे , गौरल जायो छ पूत तथा छोटी सी तलाई पाना फूला छाई ए जम बाई रोवा नहाई ए आदि मारवाड़ी गीतों पर राजस्थानी परिधान पहने महिलाएं नृत्य करती हुई चल रही थीं। जेसी मिल स्कूल में गणगौर माता विसर्जन किया गया। इस मौके पर विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 85 महिलाओं का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता, सुनील शर्मा, ललिता तिवारी, सुमन शर्मा, ज्योति भार्गव, अनिल शर्मा, ओमप्रकाश जोशी आदि मौजूद रहे।