16 जून 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

8 दिन में 5 बार फूटी लाइन, पांच लाख लोग परेशान फिर भी सिर्फ 30 मिनट ही मिल रहा पानी, कहीं बिल्कुल भी नहीं

पंपिंग मैन लाइन का स्लूस वॉल्व सागरताल पर लीक हो गया। मरम्मत के नाम पर 6 जून को शटडाउन लिया गया, जिससे ग्वालियर विस की 23 टंकियां खाली रह गईं और 1.5 लाख लोग प्यासे रहे।

3 min read
Google source verification
nagar nigam phe meeting

शहर में पेयजल सप्लाई को लेकर बैठक लेते निगमायुक्त संघ प्रिय।

तिघरा में घटते जलस्तर के बीच मैन लाइन के ब्रेकडाउन ने बिगाड़ी व्यवस्था

शहर में पानी की समस्या अब सिर्फ टंकियां समय पर नहीं भरने तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि बार-बार फूट रही मैन पाइप लाइनों ने भी नगर निगम की जल सप्लाई व्यवस्था की पोल खोल दी है। पिछले आठ दिनों में शहर की पांच बड़ी मैन लाइनों में खराबी आने से पांच लाख से ज्यादा आबादी प्रभावित हुई। हालात यह हैं कि जिन क्षेत्रों में एक घंटे पानी सप्लाई का दावा किया जाता है, वहां लोगों को कहीं 30 तो कहीं 40 मिनट ही पानी मिल पा रहा है। जबकि कई इलाकों व निचली बस्तियों में तो पानी मिल ही नहीं रहा है और यहां नल पूरी तरह सूखे पड़े हैं। तिघरा जलाशय में लगातार घटते जलस्तर के बीच निगम पहले ही सीमित पानी सप्लाई कर रहा है। ऐसे में बार-बार पाइप लाइन फूटने और टंकियां समय पर नहीं भर पाने से शहरवासियों की परेशानी और बढ़ गई है। दूसरी ओर लाइनमैन द्वारा समय पर वाल्व नहीं खोलने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। जल संकट को लेकर जनता का गुस्सा फूट पड़ा है और वह निगम मुख्यालय, क्षेत्रीय पार्षदों, पीएचई अफसरों से लेकर महापौर-सभापति तक शिकायत दर्ज करा रहे है। लोगों का कहना है कि गर्मी के इस दौर में जब पानी की सबसे ज्यादा जरूरत है, तब सप्लाई व्यवस्था लगातार लडखड़़ा रही है।

पिछले 8 दिनों में कब और कहां टूटी जल व्यवस्था
-5-6 जून (सागरताल की लापरवाही) : जलालपुर डब्ल्यूटीपी प्लांट से ग्वालियर विधानसभा जाने वाली 800 एमएम व्यास की पंपिंग मैन लाइन का स्लूस वॉल्व सागरताल पर लीक हो गया। मरम्मत के नाम पर 6 जून को शटडाउन लिया गया, जिससे ग्वालियर विस की 23 टंकियां खाली रह गईं और 1.5 लाख लोग प्यासे रहे।
-7-8 जून (डबल अटैक) : बिजली कंपनी के शटडाउन के कारण दक्षिण विधानसभा की 11 टंकियां नहीं भरीं। इससे अवाडपुरा पार्क, पहाड़ी, सिकंदर कंपू और हेम सिंह की परेड इलाके में हाहाकार मच गया। इसी दिन लक्कडख़ाना पुल के पास सडक़ चौड़ीकरण के दौरान लाइन शिफ्टिंग के चक्कर में वार्ड 47 और 53 की जनता पानी को तरस गई। इससे एक लाख से ज्यादा लोग प्रभावित रहे।
-9-10 जून (मुरार में पाइप बस्ट): 160 एमएलडी जलालपुर से मुरार जाने वाली 500 एमएम व्यास की सीआई मैन पंपिंग लाइन अचानक बस्ट हो गई। मीरा नगर और रिसाला बाजार सहित कई टंकियां सूखी होने से 50 हजार लोग प्रभावित रहे।
-10-11 जून (आरसीसी नाले का कहर): मुरार पंपिंग मैन लाइन के ऊपर बने आरसीसी नाले को तोडऩे के कारण अगले ही दिन फिर से रिसाला बाजार और मीरानगर क्षेत्र की जल सप्लाई से एक लाख लोग प्रभावित रहे।
-11-12 जून (मोतीझील प्लांट भी फेल): न्यू मोतीझील प्लांट से रक्कास टैंक भरने वाली 600 एमएम डाया की सीआई पाइपलाइन भी बस्ट होने से घास मंडी, बाबा कपूर, किला गेट, चार शहर का नाका, जेसी मिल और सुभाष नगर सहित क्षेत्र में एक लाख से ज्यादा लोग प्रभावित रहे।

जनता में भारी आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी
शहर में पानी की मांग लगातार बनी हुई है, लेकिन तिघरा में कम होते जलस्तर के कारण निगम को पहले ही सीमित मात्रा में सप्लाई करनी पड़ रही है। ऐसे में मैन लाइन में खराबी आने से व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है। शहर के त्रस्त नागरिकों का कहना है कि पानी न मिलने पर भी हर महीने जल कर (वाटर टैक्स) पूरा वसूला जाता है। यदि सभी टंकियों से सुचारू और पूरे प्रेशर के साथ पानी की सप्लाई शुरू नहीं की तो मुख्यालय का घेराव कर मटका फोड़ प्रदर्शन होगा।

पानी सप्लाई को लेकर लगातार मॉनीटरिंग हो रही है और शिकायत आने पर तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए है। तिघरा के पानी का निर्णय का प्रस्ताव एमआईसी को भेजा था, अब फिर दोबारा से भेजा जाएगा। निर्णय के बाद ही एक दिन छोडकऱ सप्लाई करेंगे।
संघप्रिय आयुक्त नगर निगम