
अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ट्रस्ट के कार्यक्रम में समाजजनों की सहभागिता
ग्वालियर. अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ट्रस्ट द्वारा संगठन के प्रदेश कार्यालय, झांसी रोड बस स्टैंड के सामने होली मिलन समारोह हर्षोल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारी, महिला विंग की मातृशक्ति, युवा साथी और समाज के गणमान्यजन बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर गोपाल सिंह तोमर ने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं है, बल्कि यह प्रेम, भाईचारे, सामाजिक समरसता और संगठनात्मक एकता को मजबूत करने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में आपसी आत्मीयता और सहयोग की भावना को बढ़ाते हैं।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उन्होंने संगठन की मातृशक्ति और देश-प्रदेश की सभी महिलाओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि समाज और संगठन की उन्नति में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और संगठन उन्हें नेतृत्व और सहभागिता के समान अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष गोपाल सिंह तोमर ने केंद्र सरकार द्वारा लाए गए यूजीसी कानून का विरोध करते हुए कहा कि यह कानून समाज के एक बड़े वर्ग के अधिकारों और अवसरों को प्रभावित करने वाला है। यदि इस कानून को वापस नहीं लिया गया तो संगठन ग्वालियर में बड़ा जनआंदोलन करेगा।
कार्यक्रम में महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष ममता भदोरिया, जिला अध्यक्ष किरण भदोरिया, डॉ. मधु तोमर, कल्पना सिकरवार, आरती तोमर, सुमन तोमर, सीमा सिंह, रेनू चौहान, कामिनी भदोरिया, सीमा सेंगर और सुधा परिहार सहित कई महिलाओं ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के अंत में आभार जिला अध्यक्ष रविंद्र सिंह तोमर ने व्यक्त किया।
Updated on:
09 Mar 2026 08:52 pm
Published on:
09 Mar 2026 08:52 pm
