
45 डिग्री के झुलसाने वाले तापमान में कैसे हो 60-90 सेकंड का इंतजार
ग्वालियर. 44 डिग्री तापमान, उसमें सिर पर तीखी धूप में ट्रैफिक सिग्नल की रेड लाइट पर 60 से 90 सेकंड तक हाल्ट वाहन चालकों के लिए मुसीबत साबित हो रहा है। हालात दोपहर में ज्यादा बिगड़ते हैं जब तीखी धूप के साथ लू के थपेड़े शरीर को झुलसाते हैं। ऐसे में शहर के कई चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल पर देर तक हरी बत्ती का इंतजार वाहन चालकों को बेचैन कर रहा है। इन हालातों से हर दिन जूझ रहे लोग कहते हैं कि ऐसी गर्मी में यातायात पुलिस को ट्रैफिक सिग्नल पर रेड लाइट का समय कम करना चाहिए। इससे लोगों को राहत मिलेगी। नहीं चाहते हुए भी कई वाहन चालक गर्मी से बचने के लिए ट्रैफिक सिग्नल का नियम तोड़ते हैं। चौराहों पर डयूटी करने वाले पुलिसकर्मी भी मानते हैं कुछ जगहों पर सिग्नल पर रेड लाइट का टाइम ज्यादा है। इससे दो पहिया और सवारी वाहनों में सफर करने वालों को ज्यादा परेशानी होती है। क्योंकि सिर पर तीखी धूप पड़ती है इसके अलावा लग्जरी वाहनों के एसी की गर्मी रेड लाइट पर खड़े होने वालों खासकर महिलाओं और बच्चों को बेचैन कर देती है।
इन चौराहों पर हालात यही : राजमाता चौराहा, चेतकपुरी तिराहा, गश्त का ताजिया और महाराज बाडे से सराफा जाने वाले रास्ते पर लगे यातायात सिग्रल सहित दूसरे रास्तों पर ट्रैफिक सिग्नल पर दोपहर को तेज धूप में देर तक रुकने की वजह से लोगों की हालत बदतर होती है।
"शहर के चौराहों पर लगे यातायात सिग्नल में रेड लाइट की टाइमिंग को चेक कराएंगे, वाहन चालकों को अगर वहां बिना वजह देर तक रुकना पड़ रहा है तो उनमें बदलाव करेंगे।"
आरएन त्रिपाठी, डीएसपी ट्रैफिक
Published on:
9 Jun 2019, 7:27 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.