
‘मधोश अदनान सामी’ लाइव शो को लेकर उठे विवाद पर गायक अदनान सामी की ओर से पुलिस को विस्तृत जवाब सौंपा गया है। जवाब में आयोजक पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा गया है कि तय शर्तों के बावजूद कार्यक्रम की तैयारी नहीं की गई और शो से कुछ घंटे पहले इसे रद्द कर दिया गया।
दस्तावेज़ों के अनुसार, कलाकार की फीस 40 लाख बताई गई थी, जो बातचीत के बाद 33 लाख रुपए में तय हुई। आयोजक ने 17.62 लाख रुपए एडवांस दिए और कार्यक्रम 27 सितंबर 2022 को प्रस्तावित था। बाद में आयोजक के अनुरोध पर तारीख 13 नवंबर 2022 कर दी गई, जबकि भुगतान और लॉजिस्टिक्स समय पर पूरा करना अनिवार्य था। जवाब में कहा गया है कि कलाकार की टीम ने यात्रा टिकट, होटल कन्फर्मेशन, स्टेज और वेन्यू लेआउट, स्थानीय परिवहन, प्रोडक्शन टीम और एयरपोर्ट वीआईपी सेवा जैसे विवरण मांगे, लेकिन आयोजक ने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। 12 नवंबर 2022 को आयोजक ने मुख्य अतिथि के कोविड संक्रमित होने का हवाला देकर शो न करने की सूचना दी। जबकि टिकट बिक्री जारी थी। कलाकार ने कार्यक्रम से इनकार नहीं किया, बल्कि आयोजक के आग्रह पर तारीख बदली। आरोप है कि पूरी कथा झूठी है और आयोजक अपनी विफलता छिपाने के लिए कलाकार को ब्लैकमेल कर रहे हैं। शर्तें स्पष्ट थीं कि भुगतान नॉन-रिफंडेबल था और रद्दीकरण का अधिकार आयोजक के पास नहीं था। साथ ही, अदनान सामी ने वकीलों की नियुक्ति संबंधी सहमति पत्र भी प्रस्तुत किया है, जिसमें उन्होंने अपने अधिवक्ताओं को अधिकृत किया है।
क्या है मामला
लावन्या सक्सेना ने जिला न्यायालय में परिवाद दायर किया है। परिवादी के अधिवक्ता अवधेश तोमर ने बताया कि 17 लाख 62 हजार रुपए एडवांस लिया गया है। एडवांस के बाद कार्यक्रम नहीं किया। एडवांस दिए पैसे वापस मांगने के लिए कई बार सूचना दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। इसके चलते पुलिस थाने धोखाधड़ी का केस दर्ज करने के लिए आवेदन दिया, लेकिन पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया। इसके चलते न्यायालय में परिवाद दायर किया है। इस परिवाद में अदनान सामी ने अपना जवाब दिया है।
Updated on:
24 Feb 2026 11:02 am
Published on:
24 Feb 2026 11:01 am
