MP Election Result Update : ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा में जनता ने इस बार जताया कांग्रेस पर भरोसा, कड़े मुकाबले में भाजपा के राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह को दी शिकस्त....
MP Election Result Update: प्रदेश में भाजपा की आंधी में ग्वालियर ग्रामीण से कांग्रेस प्रत्याशी साहब सिंह गुर्जर इस बार फिर अपनी सीट बचाने में कामयाब हुए। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी भारत सिंह कुशवाह को हराकर चुनाव जीत गए। ग्वालियर ग्रामीण सीट 2008 में परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई इस सीट पर पहला चुनाव बसपा के मदन कुशवाह ने जीता था। उसके बाद से दो बार भाजपा के राज्यमंत्री भारत सिंह कुशवाह जीत रहे थे। पिछले तीन चुनाव से कांग्रेस शिकस्त खा रही थी, लेकिन इस बार कांग्रेस की रणनीति काम आ गई और जीत दर्ज की।
एमएलबी कॉलेज के कमरा नंबर 203 व 204 में ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा की मतगणना की गई। इस विधानसभा के शुरूआती रुझान में भारत सिंह कुशवाह आगे चले। दोपहर 12 बजे तक भारत के पक्ष में रिजल्ट रहा। इस रिजल्ट को देखकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में मायूसी दिख रही थी। पोलिंग के हिसाब से अपने समीकरण बताने लगे। दोपहर बाद साहब सिंह गुर्जर ने बढ़त बना ली। इस विधानसभा में कांटे की टक्कर रही, लेकिन जीत का अंतर अधिक नहीं होने से कांग्रेस को गड़बड़ी की आशंका थी। इसके चलते दूसरी विधानसभा के कार्यकर्ता भी इसके रूम में पहुंच गए। मोर्चा संभाल लिया। प्रशासन पर दवाब बनाने लगे। अंत में जीत घोषित करनी पड़ी। इस विधानसभा में राउंड कम थे, लेकिन मतगणना धीमी गति से चली। इस सीट की हार जीत को लेकर परिसर में बैठे कर्मचारियों में भी उत्सुकता थी। रिजल्ट पर पल-पल की नजर रखी। पोस्टल बैलेट का रिजल्ट भी देर से घोषित किया गया। ग्वालियर पूर्व के कार्यकर्ता भी इस विधानसभा के रूम में आ गए थे। काउंटिंग खत्म होने के बाद साहब सिंह अपने परिसर में पहुंचे और समर्थक बाहर खड़े थे।
2018 में दिखाई थी ताकत
साहब सिंह गुर्जर ने 2018 में अपनी ताकत दिखाई थी। उन्होंने कांग्रेस को पीछे छोड़ दिया था। कांग्रेस में वापस आने के बाद लगातार सक्रिय रहे। लोगों के बीच में अपनी पकड़ बनाई। यात्रा भी निकाली, जिससे लोगों से जुड़ सके। राज्यमंत्री के खिलाफ जो माहौल था, उसको उन्होंने भुनाया।
विकास को प्राथमिकता
विधानसभा में भय व भ्रष्टाचार का माहौल था। अब मैं इस माहौल को खत्म करूंगा। क्षेत्र विकास में पिछड़ गया था। विकास प्राथमिकता है।
- साहब सिंह गुर्जर, कांग्रेस
हार का अंतर ज्यादा नहीं
हार का अंतर ज्यादा नहीं है। यह कहना मुश्किल है कि यह स्थिति किस कारण बनी। जो कमी रह गई है, उसे पांच साल में पूरा किया जाएगा।
- भारत सिंह कुशवाह, भाजपा
कांग्रेस : साहब सिंह गुर्जर - वोट मिल : 79,841
बीजेपी : भारत सिंह कुशवाह- वोट मिल : 76,559
ग्रामीण विधानसभा...भारत सिंह के समीकरण बिगाड़े बीएसपी के सुरेश ने
ग्वालियर. ग्वालियर जिले की छह सीटों में सिर्फ ग्रामीण विधानसभा एक मात्र ऐसी सीट थी, जिसने परिणाम को प्रभावित किया। ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी भारत सिंह कुशवाह की नजदीकी हार में बीएसपी प्रत्याशी सुरेश बघेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बीएसपी के सुरेश बघेल को कुल 26990 मत हासिल हुए जो ग्वालियर जिले में सबसे ज्यादा थे। पिछली बार साहब सिंह गुर्जर बीएसपी के टिकट पर लड़े थे और भारत सिंह ने हराया था। हालांकि अन्य सीटों पर बीएसपी ज्यादा असर नहीं डाल सकी। बीएसपी के प्रहलाद सिंह प्रकाश टेलर को ग्वालियर पूर्व से 4226 वोट, ग्वालियर दक्षिण से सादो किशोर खान को 1252 वोट, ग्वालियर विस से नितिन सिंह तोमर को 1260 वोट, डबरा से सत्यप्रकाशी परसेडिया को 4437 और भितरवार से प्रत्याशी कालीचरण को 3792 वोट मिले।
आप का प्रदर्शन भी निराशाजनक
आम आदमी पार्टी (आप) ने तीन विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों को उतारा था, लेकिन वे किसी भी सीट बेहतर प्रदर्शन नहीं कर सके। ग्वालियर से रोहित गुप्ता को 1816, ग्वालियर ग्रामीण से सुमित पाल को 874 और दक्षिण विधानसभा से पंकज कुमार गुप्ता को सिर्फ 1026 वोट ही मिले।