
wedding fight priest joke family clash (demo pic)
MP News: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक शादी के दौरान पंडित जी की बात पर मंडप में बवाल हो गया। बवाल भी ऐसा कि दूल्हा-दुल्हन दोनों के घर वालों के बीच जूतम-पैजार हो गई और जमकर मारपीट हुई। शादी के मंडप में मारपीट होने से हंगामा मच गया, शादी में हंगामे की खबर लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मारपीट कर रहे वर-वधू पक्ष के 4 लोगों को हिरासत में लेकर थाने लाई। जहां उनके खिलाफ मारपीट और शांति भंग करने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
ग्वालियर के शिवनी नगर के एक मैरिज गार्डन में बीती रात चल रही शादी में जमकर हंगामा हुआ। यहां पुरानी छावनी थाना क्षेत्र में रहने वाले सतीश पाल की चचेरी बहन की शादी की रस्में चल रही थीं। बारात आ चुकी थी और फेरों की तैयारी चल रही थी इसी दौरान हवन की लकड़ी को लेकर शादी करा रहे पंडित जी ने मजाक मजाक में दूल्हे के भाई से ऐसी बात कह दी कि दूल्हे का भाई भड़क उठा।
फेरों के वक्त प्रज्वलित होने वाली अग्नि के लिए शादी करा रहे पंडित जी ने दूल्हे के भाई विशाल से अग्नि के लिए लकड़ी तोड़ने के लिए कहा। दूल्हे के भाई विशाल ने लकड़ी तोड़ने की कोशिश की लेकिन वो लकड़ी नहीं तोड़ पाया। इस पर पंडित जी ने मजाक में उससे कह दिया कि तुम एक छोटी सी लकड़ी नहीं तोड़ पा रहे हो तो जिंदगी में क्या करोगे भला। ये बात विशाल को बुरी लगी और वो सभी के सामने पंडित जी से अभद्रता करने लगा, जिसे लेकर माहौल गर्मा गया।
दूल्हे के भाई विशाल के द्वारा पंडित जी से की जा रही अभद्रता का वधू पक्ष के लोगों ने विरोध किया और उसे समझाने की कोशिश की तो विवाद और कहासुनी होने लगी, देखते ही देखते बात बिगड़ी और मंडप में वर-वधू पक्ष आमने-सामने आ गए और उनके बीच मारपीट होने लगी। मंडप में मारपीट होते ही महिलाएं घबरा गईं और शादी की खुशियां हंगामे में बदल गईं। शादी में हंगामा और मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वर-वधु दोनों पक्षों के चार लोगों को हिरासत में लेकर थाने आई जहां उनके खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। दूल्हे के भाई विशाल का आरोप है कि वधू पक्ष के अंकित, गोलू और सौरभ ने उसके साथ मारपीट की है। हंगामे के घंटों बाद पुलिस की समझाईश के बाद शादी की रस्में एक बार फिर शुरू हुईं और शादी संपन्न हुई।
Updated on:
22 Apr 2026 04:59 pm
Published on:
22 Apr 2026 04:59 pm
